Rajkummar Rao: बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘दादा’ को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. यह फिल्म भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की जिंदगी पर आधारित है. फिल्म की शूटिंग इन दिनों कोलकाता में चल रही है और इसी बीच सेट से राजकुमार राव का फर्स्ट लुक सोशल मीडिया पर लीक हो गया है. तस्वीरें सामने आते ही फैंस के बीच फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट और भी बढ़ गई है.
कोलकाता के सेट से वायरल हुई तस्वीरें
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग कोलकाता के आर्यन क्लब ग्राउंड्स में की जा रही है. वायरल तस्वीरों में राजकुमार राव रेड टी-शर्ट और ब्लैक ट्रैक पैंट में नजर आ रहे हैं. उनका हेयरस्टाइल और बॉडी लैंग्वेज काफी हद तक सौरव गांगुली से मेल खा रहा है. यही वजह है कि सोशल मीडिया पर लोग उनके इस लुक की जमकर चर्चा कर रहे हैं. कई फैंस का कहना है कि राजकुमार राव इस किरदार के लिए बिल्कुल परफेक्ट चॉइस हैं.
फिल्म में दिखेगा सौरव गांगुली के करियर का सफर
फिल्म ‘दादा’ को मशहूर निर्माता लव रंजन प्रोड्यूस कर रहे हैं, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी विक्रमादित्य मोटवाने ने संभाली है. बताया जा रहा है कि फिल्म में सौरव गांगुली के क्रिकेट करियर, कप्तानी, संघर्ष और भारतीय टीम को नई दिशा देने वाले दौर को बड़े पर्दे पर दिखाया जाएगा. हालांकि, मेकर्स ने अभी तक फिल्म की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है.
किरदार के लिए बड़ा ट्रांसफॉर्मेशन कर रहे हैं राजकुमार राव
राजकुमार राव अपनी दमदार एक्टिंग और किरदार में पूरी तरह ढल जाने के लिए जाने जाते हैं. वह हर फिल्म में अपने लुक और बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन से दर्शकों को चौंका देते हैं. इससे पहले भी वह ‘शाहिद’, ‘न्यूटन’, ‘स्त्री’, ‘श्रीकांत’ और ‘बरेली की बर्फी’ जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय कर चुके हैं. अब फैंस को उम्मीद है कि वह सौरव गांगुली के किरदार को भी उतनी ही शानदार तरीके से पर्दे पर उतारेंगे.
टीजर और ऑफिशियल पोस्टर का इंतजार
फिलहाल फिल्म से जुड़ी आधिकारिक झलक सामने आना बाकी है, लेकिन लीक हुई तस्वीरों ने दर्शकों की उत्सुकता को कई गुना बढ़ा दिया है. अब सभी को फिल्म के टीजर और ऑफिशियल पोस्टर का बेसब्री से इंतजार है.
यह भी पढ़ें: नेहा धूपिया का छलका दर्द, बोलीं- मेरी स्माइल को बताया गया था खराब
