Salman Khan: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान इन दिनों गहरे दुख से गुजर रहे हैं. उनके बेहद करीबी दोस्त सुशील कुमार का हाल ही में निधन हो गया, जिसके बाद अभिनेता ने सोशल मीडिया पर लंबा इमोशनल पोस्ट शेयर कर अपने दोस्त को श्रद्धांजलि दी. सलमान ने बताया कि सुशील पिछले 42 वर्षों से उनके जीवन का अहम हिस्सा थे और भाई की तरह हमेशा उनके साथ खड़े रहे.
दोस्ती को याद कर भावुक हुए सलमान
सलमान खान ने अपने पोस्ट में लिखा कि सुशील कुमार बेहद नेकदिल, मददगार और खुशमिजाज इंसान थे. मुश्किल हालात में भी वह हमेशा मुस्कुराते रहते थे और दूसरों को हिम्मत देते थे. अभिनेता ने बताया कि चाहे कोई भी परेशानी हो, सुशील हमेशा यही कहते थे कि सब ठीक हो जाएगा.
अपने दोस्त के जज्बे को याद करते हुए सलमान ने लिखा कि सुशील ने जिंदगी को पूरी शिद्दत से जिया और हर मुश्किल का डटकर सामना किया. उन्होंने अपने दोस्त को “सच्चा चैंपियन” बताते हुए कहा कि वह आखिरी वक्त तक मजबूत बने रहे.
“तुम्हारी बहुत याद आएगी भाई”- सलमान खान
सलमान खान ने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि वह अपने दोस्त को आंसुओं के साथ नहीं, बल्कि अच्छी यादों और हंसी के साथ याद रखना चाहते हैं. उन्होंने लिखा कि सुशील हमेशा मुस्कुराते हुए जिंदगी जीते थे और उसी अंदाज में दुनिया को अलविदा कह गए.
अभिनेता ने मजाकिया अंदाज में अपने दोस्त को याद करते हुए लिखा कि अब वह जहां भी हों, अपनी पसंदीदा चीजों का आनंद ले रहे होंगे. पोस्ट के अंत में सलमान ने कहा कि उन्हें अपने दोस्त की बहुत याद आएगी.
नम आंखों वाली तस्वीर भी की शेयर
सलमान खान ने सोशल मीडिया पर एक भावुक तस्वीर भी साझा की, जिसमें उनकी आंखें नम नजर आईं. इसके साथ उन्होंने जिंदगी, मौत और रिश्तों को लेकर अपने विचार भी शेयर किए. अभिनेता की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और फैंस भी उन्हें हिम्मत रखने की सलाह दे रहे हैं.
सलमान के इस इमोशनल पोस्ट ने उनके फैंस को भी भावुक कर दिया है. लोग कमेंट कर सुशील कुमार को श्रद्धांजलि दे रहे हैं और सलमान खान के प्रति संवेदना जता रहे हैं.
यह भी पढ़ें: हुमा कुरैशी जल्द बनेंगी दुल्हन? बॉयफ्रेंड रचित सिंह संग इस साल कर सकती हैं शादी
