बॉक्स ऑफिस पर चार फिल्मों ने दस्तक दी, जिनमें तीन भारतीय फिल्में-‘राजा शिवाजी’, ‘पैट्रियट’ और ‘एक दिन’ शामिल रहीं. इसके अलावा हॉलीवुड फिल्म ‘द डेविल वियर्स प्राडा 2’ भी भारतीय दर्शकों के लिए रिलीज की गई. तीनों देसी फिल्मों से काफी उम्मीदें थीं, ऐसे में पहले रविवार की कमाई ने इनकी असली स्थिति साफ कर दी,
‘राजा शिवाजी’ ने दिखाई दमदार पकड़
ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म ‘राजा शिवाजी’ ने पहले रविवार को शानदार प्रदर्शन किया. फिल्म ने तीसरे दिन करीब 12 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जो शनिवार के मुकाबले लगभग 13% ज्यादा है. मराठी वर्जन ने सबसे ज्यादा कमाई करते हुए 7.75 करोड़ रुपये जोड़े, जबकि हिंदी वर्जन से 4.25 करोड़ रुपये आए. कुल मिलाकर फिल्म की तीन दिन की कमाई 33 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच गई है.
‘पैट्रियट’ की कमाई में गिरावट
मलयालम फिल्म ‘पैट्रियट’ ने ओपनिंग अच्छी की थी, लेकिन तीसरे दिन इसकी कमाई में गिरावट देखने को मिली. रविवार को फिल्म ने 5.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जो शनिवार से करीब 10% कम है. हालांकि विदेशों में फिल्म ने अच्छा प्रदर्शन किया है. तीसरे दिन ओवरसीज कलेक्शन 9 करोड़ रुपये रहा, जिससे इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस 63 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है.
‘एक दिन’ को नहीं मिला दर्शकों का साथ
रोमांटिक ड्रामा ‘एक दिन’ बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष करती नजर आ रही है. पहले रविवार को फिल्म ने सिर्फ 1.70 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. फिल्म की कुल कमाई अभी तक 3.85 करोड़ रुपये के आसपास है, जो उम्मीद से काफी कम है. हिंदी वर्जन ने सबसे ज्यादा योगदान दिया, जबकि तमिल और तेलुगु वर्जन का प्रदर्शन कमजोर रहा.
बॉक्स ऑफिस पर किसका पलड़ा भारी?
तीनों फिल्मों की बात करें तो ‘राजा शिवाजी’ फिलहाल सबसे आगे चल रही है. ‘पैट्रियट’ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन मजबूत है. वहीं ‘एक दिन’ को अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए आने वाले दिनों में चमत्कार की जरूरत होगी.
यह भी पढ़ें– ओपनिंग वीकेंड पर छाई ‘राजा शिवाजी’, तोड़े इन 2 फिल्मों के रिकॉर्ड, तीसरे दिन कमाई में जबरदस्त उछाल
