Battle of Galwan: सलमान खान की अपकमिंग फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ को लेकर इन दिनों खूब चर्चा हो रही है. जब इस फिल्म का टीजर सलमान के जन्मदिन पर रिलीज हुआ था, तो सोशल मीडिया पर इसे लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिली. जहां एक तरफ सलमान के फैंस ने टीजर को दमदार बताया, वहीं कुछ लोगों ने उनके एक्सप्रेशन को लेकर सवाल उठाए. कुछ यूजर्स का कहना था कि वॉर सीन के समय सलमान का लुक थोड़ा रोमांटिक लग रहा है, जो एक आर्मी ऑफिसर के किरदार से मेल नहीं खाता. अब इस ट्रोलिंग पर सलमान खान ने खुद चुप्पी तोड़ दी है.
भाई, मैं कर्नल हूं…
हाल ही में इंडियन स्ट्रीट प्रीमियर लीग (ISPL) में सलमान खान मौजूद थे. इसी बीच पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने सलमान से मजाकिया अंदाज में कहा कि वह बैटल ऑफ गलवान के एक सीन को बैट के साथ रीक्रिएट करें. इस मौके पर सलमान ने उस सीन को किया और अपने एक्सप्रेशन को लेकर चल रही आलोचना पर भी कहा, “भाई, मैं कर्नल हूं. ये लुक इसलिए है ताकि अपनी टीम और अपने जवानों को हौसला दिया जा सके. एक कमांडिंग ऑफिसर का काम सिर्फ गुस्सा दिखाना नहीं, बल्कि अपने सैनिकों को मोटिवेट करना भी होता है. अब पुराने जमाने वाले गुस्से से भरे एक्सप्रेशन दिखाने का दौर नहीं रहा.”
सलमान खान के जवाब से फैंस हुए खुश
सलमान ने मजाकिया अंदाज में कहा कि सिर्फ चिल्लाने या आंखें दिखाने से कोई लीडर नहीं बनता. आज का लीडर अपने हाव-भाव और शांत आत्मविश्वास से टीम को मजबूत करता है. सलमान का यह जवाब सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है और कई फैंस उनकी बातों से सहमत भी नजर आ रहे हैं. अगर फिल्म की बात करें, तो ‘बैटल ऑफ गलवान’ को अपूर्व लखिया डायरेक्ट कर रहे हैं. यह फिल्म 17 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. फिल्म में सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में नजर आएंगी.
