Sai Pallavi On Playing Sita: फिल्म 'रामायण' के 'प्रथम संकल्प' इवेंट में साई पल्लवी ने माता सीता का किरदार निभाने का अपना अनुभव शेयर किया. उन्होंने कहा कि यह रोल उन्हें भगवान का आशीर्वाद है, जिसे निभाने के लिए वह हर दिन ध्यान करती थीं. वहीं निर्देशक नितेश तिवारी ने रणबीर कपूर और साई पल्लवी की जमकर तारीफ की.
साई पल्लवी ने कहा- 'मैंने सीता मां का किरदार नहीं चुना, उनका आशीर्वाद मिला'
इवेंट में जब साई पल्लवी से पूछा गया कि माता सीता का किरदार निभाने का उनका सफर कैसा रहा, तो उन्होंने कहा, "एक कलाकार के लिए ऐसे किरदार बार-बार नहीं आते. किसी देवी का किरदार निभाना बिल्कुल आसान नहीं होता. इसके पीछे पूरी टीम का दिल और मेहनत लगी होती है, ताकि सबसे बेहतरीन रूप दर्शकों तक पहुंचे. मुझे नहीं लगता कि मैंने सीता मां का किरदार चुना. बल्कि उनका आशीर्वाद था कि मुझे यह भूमिका निभाने का मौका मिला. यह ऐसा किरदार नहीं है जिसे आप अपनी इच्छा से हासिल कर लें या पहले से तय कर लें कि इसे कैसे निभाना है."
साई पल्लवी ने बताया कि शूटिंग के दौरान वह अक्सर मेडिटेशन करती थीं और प्रार्थना करती थीं. उन्होंने कहा, "मैं ध्यान लगाकर सिर्फ यही कहती थी कि 'सीता मां, आप मेरे जरिए अभिनय करें. जो भी मेरे अंदर से आए, वही इस फिल्म के लिए सही हो. मैं कोशिश करती थी कि कम से कम अपने विचार पूरी तरह साफ और शांत रखें, ताकि पर्दे पर मेरा सबसे अच्छा रूप दिखाई दे."
Nitesh Tiwari On Ranbir & Sai:'रणबीर की आंखों में राम और साई की आंखों में सीता दिखाई देती हैं'
निर्देशक नितेश तिवारी भी रणबीर कपूर और साई पल्लवी की तारीफ करते नहीं थके. उन्होंने कहा, "किसी भी कलाकार की आंखें सच बोलती हैं. मैंने रणबीर की आंखों में भगवान राम को देखा है और साई की आंखों में माता सीता को. जिस सच्चाई और ईमानदारी की मुझे तलाश थी, वह मुझे इन दोनों में मिली. फिल्म में मुझे रणबीर और साई नहीं, सिर्फ राम और सीता दिखाई देते हैं."
24 जुलाई को आएगा 'रामायण' का ट्रेलर
'रामायण: प्रथम संकल्प' इवेंट के जरिए फिल्म का प्रीव्यू भी दिखाया गया, जबकि आधिकारिक ट्रेलर 24 जुलाई को रिलीज करने की घोषणा की गई. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान, रवि दुबे लक्ष्मण और अरुण गोविल महाराज दशरथ के किरदार में नजर आएंगे.
ये भी पढ़ें: Ramayana: 'हनुमान जी का किरदार निभाना आसान नहीं', सनी देओल ने बताई सबसे बड़ी चुनौती, बोले- अभी तो सफर लंबा है
