Ramayana Cast Fees: नितेश तिवारी की 'रामायण' इस समय बॉलीवुड की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक है. यह मेगा प्रोजेक्ट दो हिस्सों में दर्शकों के सामने आएगा. पहला पार्ट दिवाली 2026 और दूसरा दिवाली 2027 पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा. रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर इस फिल्म का बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है.
रणबीर कपूर हैं रामायण के लिए हाईएस्ट पेड एक्टर
इंडिया.कॉम के मुताबिक रणबीर कपूर इस फिल्म के लिए सबसे ज्यादा फीस लेने वाले कलाकार हैं. बताया जा रहा है कि उन्होंने दोनों पार्ट्स के लिए 75-75 करोड़ रुपये चार्ज किए हैं. यानी पूरी फिल्म के लिए उनकी कुल फीस करीब 150 करोड़ रुपये बताई जा रही है.
यश ने रावण के लिए इतना किया चार्ज
वहीं यश, जो फिल्म में रावण का किरदार निभा रहे हैं और को-प्रोड्यूसर भी हैं, कथित तौर पर हर पार्ट के लिए 50 करोड़ रुपये ले रहे हैं. इस हिसाब से दोनों फिल्मों के लिए उनकी कुल फीस 100 करोड़ रुपये बताई जा रही है.
साई पल्लवी ने लिए है इतने करोड़
माता सीता के रोल में नजर आने वाली साई पल्लवी को हर पार्ट के लिए 6 करोड़ रुपये मिले हैं. यानी दोनों फिल्मों के लिए उनकी कुल फीस लगभग 12 करोड़ रुपये बताई जा रही है.
रवि दुबे ने ली इतनी फीस
फिल्म में लक्ष्मण का किरदार निभा रहे रवि दुबे ने भी इस प्रोजेक्ट के लिए अच्छी-खासी रकम चार्ज की है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें हर पार्ट के लिए 10 करोड़ रुपये दिए गए हैं, जिससे उनकी कुल फीस 20 करोड़ रुपये हो जाती है.
हनुमान के लिए सनी देओल ने ली इतनी फीस
हनुमान की भूमिका निभा रहे सनी देओल को कथित तौर पर हर पार्ट के लिए 20 करोड़ रुपये मिले हैं। यानी दोनों फिल्मों के लिए उनकी कुल फीस करीब 40 करोड़ रुपये बताई जा रही है। हालांकि, अब तक फिल्म से उनका लुक सामने नहीं आया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म में विद्युतजिह्वा का किरदार निभा रहे विवेक ओबेरॉय ने इस प्रोजेक्ट के लिए कोई एक्टिंग फीस नहीं ली. उनका मानना था कि वह इस फिल्म का हिस्सा बनकर अपना योगदान देना चाहते हैं, न कि इससे कमाई करना. राजा दशरथ बने अरुण गोविल ने कितनी फीस ली है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है.
रामायण के बारे में
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' की स्टारकास्ट काफी दमदार है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे. इनके अलावा सनी देओल, रवि दुबे, रकुल प्रीत सिंह, अरुण गोविल, लारा दत्ता, विवेक ओबेरॉय और कुणाल कपूर भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे. फिल्म के म्यूजिक को ग्लोबल लेजेंड हैंस जिमर और ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान ने तैयार किया है. इस मेगा प्रोजेक्ट को नमित मल्होत्रा प्रोड्यूस कर रहे हैं, जबकि यश भी को-प्रोड्यूसर की जिम्मेदारी निभा रहे हैं. यह बिग-बजट फिल्म नवंबर 2026 में सिनेमाघरों में दस्तक देगी.
