Lahore 1947 Release Date: बॉलीवुड की मोस्ट अवेटेड पीरियड ड्रामा फिल्मों में शामिल ‘लाहौर 1947’ को लेकर फैंस का इंतजार अब और भी बढ़ गया है. आमिर खान प्रोडक्शंस ने आधिकारिक तौर पर फिल्म की थिएट्रिकल रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है. यह फिल्म 13 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. खास बात यह है कि यह रिलीज इंडिपेंडेंस डे वीक में होने जा रही है, जो फिल्म के थीम को और भी खास बना देती है.
पहली बार साथ आए सनी देओल, आमिर खान और राजकुमार संतोषी
‘लाहौर 1947’ कई मायनों में खास है. यह पहली बार होगा जब सनी देओल, निर्देशक राजकुमार संतोषी और निर्माता आमिर खान एक साथ किसी प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं. तीनों दिग्गज नामों का यह कॉम्बिनेशन दर्शकों के बीच पहले से ही जबरदस्त एक्साइटमेंट पैदा कर चुका है.
आमिर खान ने भावुक होकर किया धर्मेंद्र को याद
फिल्म की घोषणा के साथ ही आमिर खान का एक बयान भी सामने आया है, जिसने सबका ध्यान खींच लिया. आमिर ने कहा, “यह धरमजी की सबसे पसंदीदा स्क्रिप्ट्स में से एक थी. मुझे बेहद खुशी होती अगर वह यह फिल्म देख पाते.” आमिर के इस बयान से साफ झलकता है कि ‘लाहौर 1947’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि भावनाओं और यादों से जुड़ा प्रोजेक्ट है.
दमदार स्टारकास्ट से सजी है ‘लाहौर 1947’
फिल्म में सनी देओल के साथ शबाना आजमी, प्रीति जिंटा और करण देओल अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. सनी देओल हालिया ब्लॉकबस्टर सफलताओं के बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर दमदार वापसी को तैयार हैं. वहीं शबाना आजमी और प्रीति जिंटा जैसे अनुभवी कलाकार फिल्म को गहराई देने वाले हैं.
एआर रहमान और जावेद अख्तर का जादू
‘लाहौर 1947’ का म्यूजिक भी इसकी सबसे बड़ी ताकतों में से एक माना जा रहा है. फिल्म का संगीत एआर रहमान ने तैयार किया है, जबकि इसके गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं. इस जोड़ी का नाम ही दर्शकों के बीच उम्मीदें बढ़ाने के लिए काफी है.
आजादी के दौर की कहानी कहेगी फिल्म
हालांकि फिल्म की कहानी को लेकर ज्यादा खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन नाम और टीम को देखते हुए माना जा रहा है कि यह फिल्म भारत-पाकिस्तान के बंटवारे और आजादी के दौर की भावनात्मक और संवेदनशील कहानी को बड़े पर्दे पर पेश करेगी. इंडिपेंडेंस डे वीक में रिलीज होने से फिल्म का असर और भी गहरा होने की उम्मीद है.
अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘लाहौर 1947’ बॉक्स ऑफिस पर क्या इतिहास रचती है और दर्शकों के दिलों में किस तरह अपनी जगह बनाती है.
यह भी पढ़ें: फिल्मों की भरमार लेकर आ रहे हैं Mr. Khiladi, हॉरर और एक्शन का बड़ा धमाका
