हिंदी सिनेमा से एक दुखद खबर सामने आई है. मशहूर फिल्म निर्देशक कुकू कोहली का 77 साल की उम्र में निधन हो गया. उन्होंने मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में आखिरी सांस ली. कुकू कोहली को सबसे ज्यादा अजय देवगन को फिल्म इंडस्ट्री में लॉन्च करने के लिए याद किया जाता है.
अचानक आया हार्ट अटैक
कुकू कोहली के निधन की जानकारी उनके दोस्त और फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने दी. उन्होंने बताया कि कुकू कोहली किसी बीमारी से जूझ नहीं रहे थे. वह बिल्कुल स्वस्थ थे, लेकिन अचानक उन्हें हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उनका निधन हो गया. अशोक पंडित के मुताबिक, कुकू कोहली भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन निर्देशक संघ (IFTDA) के महासचिव भी थे.
‘फूल और कांटे’ से अजय देवगन की हुई थी एंट्री
कुकू कोहली ने साल 1991 में ‘फूल और कांटे’ से निर्देशन की शुरुआत की थी. इसी फिल्म से अजय देवगन ने बॉलीवुड में कदम रखा था. फिल्म में अजय देवगन के साथ मधू, अमरीश पुरी, अरुणा ईरानी और जगदीप जैसे कलाकार नजर आए थे. ‘फूल और कांटे’ बॉक्स ऑफिस पर सफल रही और अजय देवगन को पहली ही फिल्म से दर्शकों के बीच पहचान मिल गई. फिल्म में अजय देवगन का बाइक पर दो पैरों से खड़े होकर किया गया स्टंट आज भी याद किया जाता है.
अजय देवगन के साथ दोबारा किया काम
‘फूल और कांटे’ के बाद कुकू कोहली ने अजय देवगन के साथ ‘सुहाग’ में भी काम किया. साल 1994 में रिलीज हुई इस फिल्म में अजय देवगन और अक्षय कुमार पहली बार साथ नजर आए थे. फिल्म में करिश्मा कपूर और नगमा भी अहम भूमिकाओं में थीं. ‘सुहाग’ भी बॉक्स ऑफिस पर सफल रही और कुकू कोहली की फिल्मों की सूची में एक और हिट जुड़ गई.
इन फिल्मों का भी किया निर्देशन
कुकू कोहली ने अपने करियर में कई फिल्मों का निर्देशन किया. उनकी फिल्मों में ‘कोहराम’, ‘हकीकत’, ‘जुल्मी’, ‘अनाड़ी नंबर 1’ और ‘ये दिल आशिकाना’ जैसी फिल्में शामिल हैं. उनकी आखिरी निर्देशित फिल्म ‘वो तेरा नाम था’ साल 2004 में रिलीज हुई थी. जनवरी 2026 में वह ‘ये दिल आशिकाना’ की दोबारा रिलीज को लेकर भी चर्चा में आए थे.
अरुणा ईरानी थीं पत्नी
कुकू कोहली की शादी अभिनेत्री अरुणा ईरानी से हुई थी. उनकी पहली पत्नी रीटा कोहली से उनकी दो बेटियां पूजा और करिश्मा हैं.कुकू कोहली के निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है. खास तौर पर अजय देवगन के करियर की शुरुआत में उनकी भूमिका को याद किया जा रहा है. ‘फूल और कांटे’ के जरिए उन्होंने हिंदी सिनेमा को एक ऐसे अभिनेता से परिचित कराया, जिसने आगे चलकर बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई.
ये भी पढ़ें: 6 महीने की प्रेग्नेंसी, तेज बारिश और घंटों शूटिंग... कियारा आडवाणी का जज्बा देख हुमा कुरैशी भी रह गईं हैरान
