Dhurandhar 2: रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर: द रिवेंज बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत के साथ दर्शकों का दिल जीत रही है. फिल्म ने तीन दिन में ही 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. फिल्म की सफलता पर निर्देशक आदित्य धर ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वह दर्शकों के प्यार से बेहद भावुक हैं, खासकर इस बात से कि लोग फिल्म की बारीकियों को भी समझ रहे हैं और नोटिस कर रहे हैं.
स्पेशल स्क्रीनिंग में टीम को कहा धन्यवाद
19 मार्च को मुंबई में फिल्म की एक खास स्क्रीनिंग रखी गई, जिसमें पूरी कास्ट और क्रू मौजूद थी. इस दौरान एक्टर राकेश बेदी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें फिल्म के बाद की बातचीत की झलक देखने को मिली. वीडियो में आदित्य धर अपनी टीम से कहते नजर आए, “उन सभी लोगों का धन्यवाद जिन्होंने मुझ पर भरोसा किया, खासकर ज्योति देशपांडे, मेरी पूरी टीम, कलाकार और हर वो व्यक्ति जिसने इस फिल्म में दिल से काम किया. मुझे मिल रहे रिएक्शन और यहां तक कि मीम्स देखकर भी मैं बहुत खुश हूं. मैं सभी का धन्यवाद करना चाहता हूं जो हमारे साथ इस सफर में जुड़े रहे. यह सब आपके बिना संभव नहीं था.”
यामी गौतम का इमोशनल रिएक्शन भी हुआ वायरल
इस दौरान एक खास पल भी देखने को मिला, जब आदित्य धर की पत्नी और एक्ट्रेस यामी गौतम उन्हें सुनते हुए भावुक हो गई. वीडियो में वह मुस्कुराते हुए अपनी आंखों से आंसू पोंछती नजर आई.
फिल्म की स्टार कास्ट और रिलीज डिटेल
धुरंधर: द रिवेंज साल 2025 में आई हिट फिल्म धुरंधर का सीक्वल है. यह फिल्म 19 मार्च को दुनियाभर में रिलीज हुई. फिल्म में रणवीर सिंह के साथ आर माधवन, संजय दत्त, सारा अर्जुन, गौरव गेरा और अर्जुन रामपाल अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं.
यह भी पढ़ें- Dhurandhar 2 Box Office Day 2: धुरंधर 2 का दूसरा दिन भी सुपरहिट, रणवीर सिंह ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया तहलका
