Dhurandhar 2 Box Office Collection Day 44: आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है. फिल्म को रिलीज हुए 44 दिन बीत चुके हैं, लेकिन दर्शकों का उत्साह अब भी बना हुआ है और लोग इसे देखने सिनेमाघर जा रहे हैं. शुरुआत में इस फिल्म के सामने कोई बड़ी चुनौती नहीं थी, लेकिन अब इसे स्थानीय और दुनिया भर में कई नई फिल्मों से कड़ी टक्कर मिल रही है. हाल ही में आई रितेश देशमुख की फिल्म ‘राजा शिवाजी’ ने भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत जगह बना ली है. इन सबके बीच, ‘धुरंधर 2’ ने अपने 44वें दिन यानी शुक्रवार को दुनिया भर में 1785 करोड़ रुपये से अधिक की शानदार कमाई का आंकड़ा छू लिया है.
44वें दिन की कमाई के आंकड़े
Sacnilk की रिपोर्ट के अनुसार, ‘धुरंधर 2’ ने अपने 44वें दिन यानी 7वें शुक्रवार को भारत में 1.05 करोड़ रुपये की कमाई की है. इससे पहले 43वें दिन फिल्म ने 1.15 करोड़ रुपये बटोरे थे. इसका मतलब है कि शुक्रवार को इसकी कमाई में करीब 8.7 प्रतिशत की गिरावट आई है. अब तक भारत में इस फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 1,136.14 करोड़ रुपये हो गया है. अगर विदेश की बात करें, तो वहां से फिल्म ने 425.40 करोड़ रुपये कमाए हैं. इन सबको मिलाकर दुनिया भर में फिल्म की कुल ग्रॉस कमाई 1,785.23 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है. उम्मीद है कि शनिवार और रविवार की छुट्टी पर यह आंकड़ा 1790 करोड़ रुपये तक जा सकता है.
राजा शिवाजी और धुरंधर 2 के बीच मुकाबला
रितेश देशमुख की ऐतिहासिक फिल्म राजा शिवाजी 1 मई को सिनमाघरों में रिलीज हुई है. फिल्म ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर अपना कब्जा जमा लिया है. शुक्रवार को इस फिल्म ने शानदार शुरुआत करते हुए कुल 11.35 करोड़ रुपये की कमाई की है. फिल्म ने मराठी भाषा में 8 करोड़ रुपये और हिंदी भाषा में 3.35 करोड़ रुपये का बिजनेस किया. राजा शिवाजी को देशभर में 6,192 शोज मिले हैं. फिलहाल मार्केट में राजा शिवाजी, भूत बंगला जैसी बड़ी फिल्में मौजूद हैं, जिससे धुरंधर 2 के लिए आगे की राह थोड़ी मुश्किल हो सकती है.
यह भी पढ़ें: फिल्म ‘माइकल’ ने 8वें दिन भी की ताबड़तोड़ कमाई, जानें कलेक्शन
