Bobby Deol ने हाल ही में अपने जीवन के उस दौर के बारे में खुलकर बात की जब उनका करियर लगभग खत्म सा हो गया था. 1990s और 2000s की शुरुआत में सुपरस्टार रहे बॉबी को बाद में फिल्मों के ऑफर मिलना बहुत कम हो गया था. इस वजह से वह मानसिक रूप से काफी टूट गए थे और उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि आगे क्या करना है. इस समय वह धीरे-धीरे डिप्रेशन और अकेलेपन की तरफ बढ़ने लगे थे. काम न मिलने की वजह से उनका कॉन्फिडेंस भी कम होता चला गया. अब इस पर एक्टर ने खुलकर बात की और अपने उस मुश्किल समय को याद किया है.
शराब की लत में फंसे बॉबी देओल
Aap Ki Adalat में रजत शर्मा से बातचीत के दौरान बॉबी देओल ने माना कि इस मुश्किल दौर में उन्होंने शराब पीनी शुरू कर दी थी. धीरे-धीरे यह आदत बन गई और वह इसके आदी हो गए. उन्होंने कहा कि जब इंसान खुद को बेकार समझने लगता है, तो वह खुद को शांत करने के लिए गलत रास्तों की ओर चला जाता है. बॉबी ने यह भी बताया कि यह उनके जीवन का सबसे मुश्किल समय था, जब उन्हें लगने लगा था कि उनका करियर खत्म हो चुका है.
पत्नी तान्या देओल बनीं ढाल
बॉबी देओल ने अपनी पत्नी तान्या देओल का खास तौर पर जिक्र किया. उन्होंने बताया कि इस पूरे मुश्किल समय में तान्या ने उन्हें कभी अकेला नहीं छोड़ा. तान्या ने घर और परिवार की पूरी जिम्मेदारी संभाली और आर्थिक रूप से भी घर को सपोर्ट किया. बॉबी ने कहा कि अगर तान्या उनके साथ नहीं होतीं, तो शायद वह आज इस मुकाम पर नहीं होते.
उन्होंने यह भी बताया कि तान्या अक्सर उन्हें शराब छोड़ने के लिए समझाती थीं और कई बार सख्ती भी करती थीं, ताकि वह अपनी जिंदगी वापस पटरी पर ला सकें.
बच्चों ने बदल दी जिंदगी
बॉबी देओल ने बताया कि उनके जीवन में सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट उनके बच्चे थे. एक दिन उनके बच्चों ने उनसे सवाल किया कि वह हमेशा घर पर क्यों रहते हैं, जबकि उनकी मां काम पर जाती हैं.
यह बात उनके दिल को लग गई और यहीं से उन्होंने खुद को बदलने का फैसला किया. उन्होंने धीरे-धीरे अपनी आदतों पर कंट्रोल करना शुरू किया और खुद को फिर से तैयार किया.
ऑनलाइन शॉपिंग की भी थी लत
बॉबी ने यह भी खुलासा किया कि उस समय उन्हें ऑनलाइन शॉपिंग की भी लत लग गई थी. वह बिना जरूरत के चीजें खरीदते रहते थे, जिस पर उनकी पत्नी उन्हें अक्सर डांटती थीं.
तान्या उन्हें अगले दिन पुराने बिल दिखाकर समझाती थीं कि वह कितना पैसा बेकार में खर्च कर रहे हैं. इससे उन्हें अपनी गलती का एहसास होता था.
फिर से चमका बॉबी देओल का करियर
मुश्किल दौर के बाद बॉबी देओल ने शानदार वापसी की है. ओटीटी प्लेटफॉर्म ‘आश्रम’ से उन्हें नई पहचान मिली और फिर ‘एनिमल’ जैसी फिल्मों में उनकी परफॉर्मेंस को खूब सराहा गया. इसके अलावा वह ‘द बा***ड्स ऑफ बॉलीवुड’ में भी नजर आए और अब अपनी नई फिल्म ‘बंदर’ के प्रमोशन में बिजी हैं, जिसे अनुराग कश्यप ने डायरेक्ट किया है.
आने वाले समय में वह ‘अल्फा’ और ‘जना नायकन’ जैसी बड़ी फिल्मों में भी नजर आएंगे.
यह भी पढ़ें: ‘मुन्ना भैया’ दिव्येंदु ने खोला Dhurandhar की ब्लॉकबस्टर सफलता का राज, बोले- सिर्फ हीरो नहीं, हर किरदार था जरूरी
