Awarapan 2: इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ इन दिनों चर्चा में है. करीब 19 साल बाद इमरान एक बार फिर शिवम पंडित के किरदार में लौटे हैं. फिल्म में इस बार उनके साथ दिशा पाटनी नजर आ रही हैं. वहीं, पहली फिल्म की हीरोइन रहीं श्रिया सरन भी इस फिल्म में कैमियो करती दिखेंगी. अब फिल्म के प्रोड्यूसर और को-राइटर विशेष भट्ट ने बताया है कि आखिर दिशा पटानी को इमरान के साथ क्यों चुना गया.
Awarapan 2 Story: इस बार कहानी में क्या है नया?
विशेष भट्ट ने Zoom को दिए इंटरव्यू में बताया कि ‘आवारापन 2’ पहली फिल्म की कहानी को सिर्फ आगे बढ़ाने की कोशिश नहीं है. इस बार शिवम की जिंदगी और उसकी दुनिया पूरी तरह बदल चुकी है. पहली फिल्म 2007 के दौर की कहानी थी, जबकि दूसरा पार्ट 2026 की दुनिया में सेट है.
उन्होंने कहा कि पहली फिल्म में शिवम राजस्थान से दूर एक अलग दुनिया में रहता था. उसी तरह इस बार भी शिवम एक नई दुनिया में पहुंचता है, जहां उसके साथ नए लोग और नए हालात हैं. यानी दर्शकों को शिवम का वही पुराना अंदाज देखने को मिलेगा, लेकिन इस बार उसकी कहानी और दुनिया बिल्कुल नई होगी.
Awarapan 2 Disha Patani: दिशा को क्यों बनाया फिल्म की हीरोइन?
दिशा पटानी को इमरान हाशमी के साथ कास्ट करने के पीछे भी खास वजह है. विशेष भट्ट ने बताया कि वह दिशा को काफी समय से जानते हैं और उन्होंने उनके काम को भी देखा है. उन्हें लगा कि फिल्म के किरदार के लिए दिशा बिल्कुल सही रहेंगी.
विशेष ने कहा कि दिशा का चेहरा और उनका व्यक्तित्व इस किरदार के लिए फिट बैठता था. फिल्म में उनका किरदार काफी मॉडर्न और आज के समय से जुड़ा हुआ है. यही वजह है कि उन्हें लगा कि दिशा इस भूमिका को अच्छे से निभा सकती हैं.
Disha Patani-Shriya Saran: दिशा, श्रिया जैसी नहीं हैं
विशेष भट्ट ने एक बात बिल्कुल साफ कर दी कि दिशा पटानी का किरदार पहली फिल्म की श्रिया सरन के किरदार जैसा नहीं है. दोनों के किरदारों में जानबूझकर फर्क रखा गया है.
उन्होंने कहा कि दिशा का किरदार एक मॉडर्न और समकालीन लड़की का है, जो एक दूसरे देश में रहती है. इसलिए दर्शकों को दिशा और श्रिया के किरदारों में समानता देखने की कोशिश नहीं करनी चाहिए. फिल्म में दोनों के बीच एक जानबूझकर रखा गया अंतर है.
