‘बाहुबली 2’ का काउंटडाउन शुरू हो चुका है क्योंकि फिल्म इसी शुक्रवार को सिनेमाघरों में पूरी तरह से छाने को तैयार है. फिल्म में हमें शानदार विजुल्स के साथ-साथ उस सवाल का भी जवाब मिल जायेगा जिसे जानने के लिए हर कोई बेताब है कि ‘कटप्पा ने बाहुबली को क्यों मारा’. इस सवाल के जवाब के साथ फिल्म भारत में 8000 स्क्रीन्स पर रिलीज हो रही है. फिल्म में प्रभास, राणा दग्गूबाती, तमन्ना भाटिया, अनुष्का शेट्टी और सत्यराज मुख्य भूमिका में हैं.
डीएनए के अनुसार भारतीय सिनेमा के इतिहास में यह फिल्म अब तक की सबसे बड़ी रिलीज़ होगी. डीएनए ने एक सूत्र के हवाले से कहा,’ बॉलीवुड की बेहतरीन फिल्मों की बात करें तो वे देशभर में लगभग 5000 स्क्रीन्स पर रिलीज होती रही है. वहीं दक्षिण भारतीय की 3000 स्क्रीन्स पर सिर्फ तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम फिल्में ही दिखाई जाती है.’
डीएनए को सूत्र ने आगे बताया कि ,’28 अप्रैल को सिर्फ बाहुबली रिलीज हो रही है. किसी दूसरी भाषा की भी कोई और फिल्म रिलीज नहीं हो रही है. ऐसे में थियटरों में सिर्फ प्रभास और राणा दग्गूबाती ही नजर आयेंगे.’ माना जा रहा है कि फिल्म भारत के इतिहास की सबसे ज्यादा ओपनिंग करने वाली फिल्म बनेगी. एस एस राजामौली के निर्देशन में बनी यह फिल्म 28 अप्रैल को रिलीज हो रही है.
