मुंबई: अनिल कपूर ने श्रीदेवी को उनकी 55वीं जयंती पर याद करते हुए कहा कि अभिनेत्री का पूरा परिवार उनकी बेटियों जाह्णवी और खुशी में उनकी झलक देखता है. श्रीदेवी का सोमवार (13 अगस्त) को 55वां जन्मदिन था. इस साल 24 फरवरी को दुबई में एक होटल के टब में डूबने से मौत हो गयी थी. अनिल कपूर अपनी भाभी और उनके साथ कई फिल्मों में साथ काम कर चुकी श्रीदेवी को याद करते हुए भावुक हो गये. उन्होंने ट्विटर पर एक इमोशनल पोस्ट लिखा है.
अनिल ने ट्वीट किया, ‘एक सच्ची स्टार जो पर्दे पर जगमगा उठती थी और जिसने सबके दिल को छुआ एवं उनकी जिंदगियों में चमक बिखेरी. ऐसा कोई दिन नहीं जाता जब श्री हमें आपकी याद नहीं आती.’
उन्होंने आगे लिखा,’ हम हर दिन जाह्णवी और खुशी में आपकी झलक देखते हैं. आप हमारे दिल और दिमाग में बसी हुई हैं.’ उन्होंने एक पुरानी तस्वीर भी साझा की जिसमें श्रीदेवी अपने पति, फिल्म निर्माता बोनी कपूर और दोनों बेटियों के साथ नजर आ रही हैं.
श्रीदेवी की बड़ी बेटी जाह्णवी ने भी अपनी मां को याद करते हुए इंस्टाग्राम पर श्रीदेवी, बोनी और अपनी एक पुरानी तस्वीर डाली. जाह्णवी ने अपनी इंस्टा स्टोरी (इंस्टाग्राम का एक फीचर) पर भी श्रीदेवी की बचपन की श्वेत-श्याम तस्वीर डाली जिसमें नन्हीं श्रीदेवी अपने माता-पिता के साथ नजर आ रही हैं. जाह्णवी ने हाल में ‘धड़क’ फिल्म से अभिनय के क्षेत्र में पर्दापण किया. वह अब करण जौहर निर्देशित फिल्म ‘तख्त’ में दिखेंगी.
बता दें कि अनिल कपूर ने श्रीदेवी के साथ कई फिल्मों में काम किया है. दोनों की ऑनस्क्रीन जोड़ी को काफी पसंद भी किया गया है. श्रीदेवी ने अनिल कपूर के साथ मिस्टर इंडिया ,लम्हें, जुदाई और जोशीले जैसी कई हिट फिल्में दी हैं.
