मुंबई : बॉलिवुड अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे ने जब कैंसर के बारे में खुलासा किया तो फैंस से लेकर फिल्म इंडस्ट्री तक हर कोई हैरान रह गया. इसके बाद से कई बॉलिवुड सेलेब्स ने कैंसर पीड़ित सोनाली के जल्दी स्वस्थ होने की कामना की. अब अभिनेता अनुपम खेर ने सोनाली बेंद्रे के लिए एक भावुक संदेश सोशल मीडिया पर लिखा है.
अनुपम खेर पिछले दिनों न्यू यॉर्क में थे. उन्होंने अपने ट्विटर वॉल पर लिखा कि मैंने सोनाली बेंद्रे के साथ कुछ फिल्में की हैं. हम मुंबई में कई बार सामाजिक रूप से मिल चुके हैं. वह काफी खुशमिजाज और बेहतरीन इंसान हैं. हालांकि, यह केवल पिछले 15 दिनों की बात है, जब मुझे उनके साथ न्यू यॉर्क में कुछ क्वॉलिटी टाइम बिताने का अवसर प्राप्त हुआ. मैं आसानी से कह सकता हूं ‘वह मेरी हीरो हैं’.
इस ट्वीट के साथ अनुपम ने सोनाली की मुस्कुराते हुए एक खूबसूरत तस्वीर भी पोस्ट की है. इस तस्वीर की बात करें तो यह सोनाली ने अपने बाल कटवाने के बाद पोस्ट की थी. यहां चर्चा कर दें कि 43 वर्षीय सोनाली बेंद्रे सोशल मीडिया के माध्यम से फैंस और शुभचिंतकों को लगातार अपने स्वास्थ्य की जानकारी देती रहती हैं.
