‘ट्यूबलाइट’ से निराश होने के बाद दर्शक बड़ी बेसब्री से सलमान खान की ‘टाइगर जिंदा है’ का इंतजार कर रहे थे. फिल्म शु्क्रवार को रिलीज हो चुकी है. फिल्म ने पहले दिन 33.75 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की है. इस तरह यह फिल्म इस साल की दूसरी ओपनिंग डे पर सबसे ज्यादा कमाई करनेवाली फिल्म बन गई है. वहीं फिल्म ने अजय देवगन की फिल्म ‘गोलमाल अगेन’ को ओपनिंग डे की कमाई के मामले में पछाड़ दिया है.
‘गोलमाल अगेन’ ने पहले दिन 30.14 करोड़ की कमाई की थी. वहीं इस साल की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘बाहुबली’ के ओपनिग डे कलेक्शन 41 करोड़ रुपये थी लेकिन ये फिल्म डब्ड फिल्म थी. ‘गोलमाल अगेन’ इस साल की सबसे बड़ी ओपनर फिल्म थी. सलमान और कैटरीना कैफ की जोड़ी ने 5 साल बाद वापसी की है.
खास बात यह भी है कि इस साल ओपनिंग डे पर सबसे ज्यादा कमाई करनेवाली फिल्मों की टॉप 5 लिस्ट में सलमान की दो फिल्में शामिल है. भले ही क्रिटिक्स ने ट्यूबलाइट को अच्छे रिव्यूज नहीं दिये लेकिन फिल्म की ओपनिंग डे पर अच्छी कमाई की थी. इस साल ओपनिंग डे पर सबसे ज्यादा कमाई करनेवाली फिल्मों में टॉप 5 में पहले नंबर पर बाहुबली 2 (41 करोड़), टाइगर जिंदा है (33.75 करोड़), गोलमाल अगेन (30.14 करोड़), ट्यूबलाइट (21.15 करोड़) और रईस (20.42) शामिल है.
फिल्म भारत के 4600 स्क्रीन्स पर रिलीज की गई है. ना सिर्फ देश में बल्कि विदेशों में भी फिल्म धमाकेदार कमाई कर रही है. एक्सर्प्ट तरण आदर्श ने ट्विटर पर इसकी जानकारी दी है. आंकड़ों में इतना साफ हो गया है कि इस फिल्म को विदेशी फैन्स का जमकर प्यार मिल रहा है. फिल्म ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड के साथ साथ यूएई के देशों में भी धमाकेदार कमाई कर रही है.
वहीं वीकेंड पर फिल्म की कमाई पर जबरदस्त उछाल देखने को मिलेगा. क्रिटिक्स और दर्शकों के शानदार रिव्यूज को देखते हुए एक्सपर्ट का मानना है कि फिल्म अपने वीकेंड पर 100 करोड़ का आंकड़ा छू सकती है. फिल्म में सिर्फ टाइगर ही नहीं जोया भी शानदार एक्शन करती नजर आ रही हैं. फिल्म का कुल बजट 150 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. अब देखना दिलचस्प होगा कि आनेवाले दिनों में सलमान की फिल्म कौन से नये रिकॉर्ड कायम करती है.
