‘बाहुबली 2’ के बाद एक और भारतीय फिल्म नये रिकॉर्ड बनाने की ताक में हैं. हम बात कर रहे हैं रजनीकांत और अक्षय कुमार की आगामी फिल्म ‘2.0’ की. इस फिल्म को लेकर लगातार हो रहे नये खुलासों के बाद तो ऐसा ही लग रहा है कि यह भारतीय सिनेमा की बड़ी फिल्मों की लिस्ट में शामिल होने वाली है. अब खबरें हैं कि इस फिल्म के चाइनीज़ वर्जन को चीन में 10 हजार से 15 हजार स्क्रीन्स पर रिलीज किया जायेगा. खास बात यह है कि पहली बार किसी भी भारतीय फिल्म को इतनी स्क्रीन्स पर रिलीज किया जायेगा.
ट्रेड एक्सपर्ट रमेश बाला ने ट्विटर पर इस बात की जानकारी दी है. फिल्म की शूटिंग दो साल पहले शुरू हुई थी. डायरेक्टर शंकर के निर्देशन में बन रही यह फिल्म इसी साल दीवाली पर रिलीज होनेवाली थी, लेकिन अब यह अगले साल यानी 2018 में रिलीज होगी. फिलहाल फिल्म के पोस्ट प्रोडक्शन का काम चल रहा है. फिल्म शुरुआत से ही चर्चा में है. कभी अपने मेकिंग वीडियो को लेकर तो कभी फिल्म के पोस्टर को लेकर.
इन 6 स्टार्स को मात देकर ‘2.0’ के विलेन बनें अक्षय कुमार!
पिछले दिनों फिल्म के प्रोड्यूसर राजू महालिंघम ने घोषणा की थी कि अक्टूबर में फिल्म का ऑडियो लॉन्च किया जायेगा और इसकी टीजर नवंबर में आयेगा. वहीं ट्रेलर दिसंबर में रिलीज किया जायेगा. कहा तो यह भी जा रहा है कि फिल्म का ऑडियो लॉन्च 27 नवंबर को दुबई के बुर्ज पार्क में होगा जिसमें ए.आर रहमान लाईव परफॉरमेंस देंगे. इस इवेंट में रजनीकांत, अक्षय कुमार और एमी जैक्सन के भी शामिल होंगे. मौके पर लगभग 35 हजार लोगों के शामिल होने की चर्चा है.
बता दें कि ‘2.0’ साल 2010 में आई तमिल ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘इथिरन’ का सीक्वल है. इस फिल्म में रजनीकांत और ऐश्वर्या राय बच्चन मुख्य भूमिका में थे. ‘2.0’ में रजनीकांत डबल रोल में नजर आनेवाले हैं. वहीं ऐश्वर्या की जगह फिल्म में एमी जैक्सन नजर आयेंगी. अक्षय कुमार फिल्म में विलेन का किरदार निभानेवाले हैं.
