AOORA New Song Shiva Shivam: दक्षिण कोरियाई सिंगर AOORA एक बार फिर चर्चा में हैं. बिग बाॅस 17 में अपनी खास पहचान बनाने वाले AOORA ने महाशिवरात्रि से पहले अपना नया गाना Shiva Shivam अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है. यह गाना भगवान शिव को समर्पित है, लेकिन इसमें शिव को सिर्फ एक धार्मिक रूप में नहीं बल्कि ऊर्जा और सकारात्मक शक्ति के प्रतीक के तौर पर दिखाया गया है.
AOORA ने अपने सोशल मीडिया पर इस गाने का टीजर शेयर करते हुए भावुक संदेश भी लिखा. उन्होंने बताया कि भारत आए उन्हें तीन साल पूरे हो गए हैं. दिल्ली से लेकर मुंबई तक की अपनी यात्रा को याद करते हुए उन्होंने कहा कि भारत में उन्हें बहुत प्यार और अनुभव मिले हैं. AOORA ने इस गाने को अपने फैंस और अपनी पूरी यात्रा को समर्पित बताया. उनके शब्दों में, “यह सिर्फ गाना नहीं, बल्कि एक प्रार्थना है, जो दिल तक पहुंचे.”
कौन हैं AOORA?
AOORA का असली नाम पार्क मिन-जुन है. वह दक्षिण कोरिया के सिंगर, कंपोजर और परफॉर्मर हैं. भारत आने के बाद उन्होंने इंडो-कोरियन म्यूजिक फ्यूजन से अपनी अलग पहचान बनाई. उन्होंने कई भारतीय गानों को अपने अंदाज में पेश किया, जिनमें Thi Thi Thara, Holi Re Rasiya, और Jimmy Jimmy जैसे ट्रैक शामिल हैं. खास बात यह है कि उन्होंने मलयालम और हिंदी तक सीखने की कोशिश की ताकि वह भारतीय गानों को सही तरीके से पेश कर सकें.
AOORA पहले कोरियन बॉय बैंड Double-A का हिस्सा रह चुके हैं. साल 2014 में उन्होंने सोलो करियर की शुरुआत की. लेकिन भारत में उनकी लोकप्रियता तब बढ़ी जब वह Bigg Boss 17 में नजर आए. इसके बाद उन्होंने Jhalak Dikhhla Jaa में अपने डांस से भी लोगों का दिल जीत लिया.
आगे क्या है प्लान?
AOORA अब भारत में और ज्यादा एक्टिव रहने की तैयारी में हैं. वह नए गाने, शॉर्ट वीडियो कंटेंट और डीजे शोज पर काम कर रहे हैं. इसके साथ ही वह भारत और नेपाल में लाइव परफॉर्मेंस और टूर की भी तैयारी कर रहे हैं.
AOORA का यह नया गाना Shiva Shivam एक बार फिर दिखाता है कि संगीत की कोई सीमा नहीं होती और अलग-अलग संस्कृतियां मिलकर एक खूबसूरत धुन बना सकती हैं.
यह भी पढ़ें: पद्मावत के बाद संजय लीला भंसाली लेकर आ रहे ‘जय सोमनाथ’, 1000 साल पूरे होने पर होगी रिलीज
