Teej Bhojpuri Song: तीज का नाम आते ही आंखों के सामने मेहंदी से सजे हाथ, खनकती चूड़ियां, सोलह श्रृंगार और मांग में चमकता सिंदूर नजर आने लगता है, लेकिन इस त्योहार की खूबसूरती सिर्फ सजने-संवरने तक कहां है. इसके रंगों में जब भोजपुरी गीतों के सुर घुलते हैं, तो पूरा माहौल ही किसी फिल्मी सीन जैसा लगने लगता है. कहीं सखियों की टोली गीतों में अपना मन टटोलती है, तो कहीं सुहागिनें भोलेनाथ से अपने सुहाग की लंबी उम्र की दुआ मांगती हैं. भोजपुरी गानों के बोल भी कुछ ऐसे हैं, जो सीधे दिल पर दस्तक देते हैं. प्यार हो, पति के लिए दुआ हो या सुहाग को उम्रभर संजोकर रखने की चाहत, हर जज्बात इन देसी सुरों में बड़ी खूबसूरती से सुनाई देता है.
सेनूरा हवे मोर सुहाग
तीज के मौके पर अगर भोजपुरी गानों की बात हो और ‘सेनूरा हवे मोर सुहाग’ का जिक्र न हो, तो बात कुछ अधूरी सी लगती है. भोजपुरी फिल्म ‘प्रेम विवाह’ का खूबसूरत गीत है, जिसे प्रियंका सिंह ने अपनी आवाज दी है. गाने में सुहाग, प्यार और पति के साथ जिंदगीभर के रिश्ते की भावनाओं को बेहद देसी अंदाज में पिरोया गया है. फिल्म में अरविंद अकेला कल्लू और काजल राघवानी मुख्य भूमिका में नजर आते हैं.
‘बनल रहे सेनूरा हमार भोला’ में शिव से सुहाग की सलामती की दुआ
‘बनल रहे सेनूरा हमार भोला’ में तीज के उस जज्बात की झलक मिलती है, जहां सुहागिन के लिए उसकी मांग का सिंदूर ही सबसे बड़ी निशानी बन जाता है. गीत में भोलेनाथ से बस यही अरदास की जाती है कि पति का साथ यूं ही बना रहे और सुहाग का सिंदूर कभी फीका न पड़े. इंदु सोनाली और अलका झा की आवाज इस प्रार्थना में भावनाओं का रंग भरती है, जबकि प्यारे लाल यादव ‘कवि जी’ के लिखे बोल और छोटे बाबा का संगीत इसे भोजपुरी मिट्टी से जोड़ देते हैं.
‘राखीहा सेनुरवा के लाज’ में दिखी सुहाग बचाए रखने की चाहत
‘राखीहा सेनुरवा के लाज’ भोजपुरी फिल्म ‘राजा बाबू’ गीत के बोलों में अपने सुहाग और मांग के सिंदूर की सलामती की कामना है, जो तीज के भाव और भक्ति से सीधे जुड़ जाती है. इस गाने को कल्पना, पामेला जैन और नीतू सिंह जादौन ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसके बोल प्यारे लाल यादव ने लिखे हैं और संगीत छोटे बाबा ने दिया है. ‘राखीहा सेनुरवा के लाज’ में सुहाग, प्रेम और पति की लंबी उम्र की चाहत का देसी भोजपुरी रंग साफ महसूस होता है, इसलिए तीज के मौके पर यह गीत माहौल को इमोशनल और भक्तिमय बनाने वाला खूबसूरत सुर बन जाता है.
‘चमके सेनुरवा हमार’ में सुहाग का दिखा खूबसूरत रंग
अब बात उस एहसास की, जहां सिंदूर सिर्फ एक रस्म नहीं बल्कि प्यार और रिश्ते की पहचान बन जाता है. ‘चमके सेनुरवा हमार’ इसी खूबसूरत एहसास को गीत के जरिए सामने लाता है. तीज सिर्फ व्रत और पूजा का त्योहार नहीं है, बल्कि यह पति-पत्नी के रिश्ते में प्यार, विश्वास और साथ का जश्न भी है. भोजपुरी गीत इस भावना को बेहद देसी और दिल छू लेने वाले अंदाज में सामने रखते हैं.
