Kajal Raghwani Exclusive: भोजपुरी एक्ट्रेस काजल राघवानी इन दिनों ‘भोजपुरी बवाल’ में अपने बेबाक बयानों को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं. पुराने रिश्ते, इंडस्ट्री के अनुभव और जिंदगी के मुश्किल दौर पर काजल ने प्रभात खबर से खुलकर बातचीत की. इसी बातचीत में उन्होंने अपनी जिंदगी का एक ऐसा दर्दनाक किस्सा साझा किया, जिसे याद करना आज भी उनके लिए आसान नहीं है.
काजल ने बताया कि एक वक्त ऐसा आया था जब वह बेहद भावुक हो गई थीं और खुद को साबित करने की कोशिश में उन्होंने ऐसा कदम उठा लिया, जिसका उन्हें आज भी पछतावा है. यह घटना तब की है, जब वह और खेसारी लाल यादव किसी इवेंट के सिलसिले में कोलकाता गए थे. वहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई थी. काजल के मुताबिक, वह उस वक्त इस कदर भावनाओं में बह गई थीं कि उन्होंने खुद को चोट पहुंचा ली.
और काट ली थी कलाई...
काजल ने प्रभात खबर को बताया कि उन्होंने चाकू से अपनी कलाई काट ली थी. इसके बाद उनके हाथ से काफी खून बहने लगा. जब खेसारी ने उन्हें इस हालत में देखा तो वह गुस्से में आ गए. काजल के मुताबिक, उन्होंने गुस्से में उन्हें एक थप्पड़ मारा और कहा, ‘सुशांत सिंह राजपूत बनने की कोशिश मत करो.’ इसके बाद उन्होंने अपने रूमाल से काजल की कलाई बांधी और उन्हें पास के अस्पताल लेकर गए.
जज्बात में आकर लिया था फैसला
काजल ने यह भी साफ किया कि उनके मुताबिक यह पहली और आखिरी बार था, जब खेसारी ने उन पर हाथ उठाया था. हालांकि, इस घटना को याद करते हुए काजल खुद अपने उस फैसले को गलत मानती हैं. वह कहती हैं कि उस वक्त उन्होंने जज्बात में आकर अपना आपा खो दिया था और ऐसा कदम उठाना उनकी जिंदगी की बड़ी गलतियों में से एक था.
इसके बाद काजल ने बदल ही थी अपनी राह
काजल के मुताबिक, इस घटना के बाद उनके रिश्ते में भी काफी दूरी आ गई. धीरे-धीरे दोनों ने अपने रास्ते अलग कर लिए. आज जब वह उस दौर को पीछे मुड़कर देखती हैं तो उन्हें इस बात का अफसोस है कि उन्होंने भावनाओं में आकर खुद को नुकसान पहुंचाने जैसा कदम उठाया.
काजल ने प्रभात खबर से बातचीत में यह भी कहा कि वह अब दोबारा कभी ऐसी स्थिति के बारे में सोच भी नहीं सकतीं. साथ ही वह नहीं चाहतीं कि उनकी इस कहानी से उनका कोई फैन या कोई दूसरा व्यक्ति गलत तरीके से प्रेरित हो. उनके लिए यह किस्सा किसी रोमांटिक या फिल्मी कहानी का हिस्सा नहीं, बल्कि जिंदगी की एक ऐसी गलती है, जिसका उन्हें आज भी पछतावा है.
भोजपुरी इंडस्ट्री में काजल राघवानी और खेसारी लाल यादव की जोड़ी लंबे वक्त तक बेहद लोकप्रिय रही है. दोनों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री के साथ उनके निजी रिश्ते को लेकर भी खूब चर्चाएं होती रही हैं. लेकिन अब काजल ने अपने अतीत के इस बेहद निजी और दर्दनाक हिस्से को प्रभात खबर के साथ साझा किया है.
इन दिनों ‘भोजपुरी बवाल’ में काजल राघवानी अपने पुराने अनुभवों और बेबाक बयानों को लेकर लगातार चर्चा में हैं. ऐसे में उनका यह खुलासा उनके और खेसारी के रिश्ते की कहानी का एक ऐसा पहलू सामने लाता है, जिसके बारे में उन्होंने पहले इतनी विस्तार से बात नहीं की थी.
ये भी पढ़ें: काजल या आम्रपाली? किसके साथ गाने में काम करना लगा बेस्ट, सवाल सुनकर ‘पावर स्टार’ बोले- ‘मैं पागल हो जाऊंगा’
