Bhojpuri News: भोजपुरी सिनेमा के ट्रेंडिंग स्टार खेसारी लाल यादव ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में अपनी निजी और प्रोफेशनल जिंदगी से जुड़े कई दिलचस्प किस्से साझा किए. बातचीत के दौरान उन्होंने भोजपुरी इंडस्ट्री के बड़े सितारों पवन सिंह, रवि किशन और मनोज तिवारी को लेकर भी खुलकर बात की और कई ऐसे खुलासे किए, जिन्होंने फैंस का ध्यान खींच लिया. आइए जानते हैं खेसारी लाल यादव ने क्या-क्या कहा.
पवन सिंह पर निशाना: “मैं उनका चमचा नहीं हूं”
खेसारी लाल यादव ने भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह पर सीधा हमला बोला. खेसारी ने कहा कि वह पवन सिंह के बाद इस इंडस्ट्री में आए थे, लेकिन आज उन्होंने पवन सिंह से ज्यादा फिल्मों में काम किया है. उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पवन सिंह ने कभी कहा था कि वह खेसारी के साथ काम नहीं करेंगे. इस पर खेसारी ने जवाब दिया कि सच हमेशा कड़वा होता है और वह पवन सिंह के चमचे नहीं हैं जो उनकी हर बात सहें. दोनों ने साथ में सिर्फ एक ही फिल्म की है.
रवि किशन पर फूटा गुस्सा: “मुझे उनके प्यार की जरूरत नहीं”
कुछ समय पहले एक प्रोग्राम (गोरखपुर महोत्सव) में एक्टर रवि किशन ने पवन सिंह के सामने खेसारी का मजाक उड़ाते हुए कहा था कि जब खेसारी नए आए थे तो पैर छूते थे और स्टार बनने के बाद सिर्फ घुटना छूने लगे.
इस बात का जवाब देते हुए खेसारी ने कहा कि जो सच में बड़े लोग होते हैं, वो पैर छूने के लिए दबाव नहीं बनाते. खेसारी ने तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने खुद रवि किशन को कभी देश के प्रधानमंत्री मोदी जी के सामने जमीन पर लेटकर (दंडवत) प्रणाम करते नहीं देखा, तो वह खुद ऐसा कैसे सीखें? खेसारी ने साफ कह दिया कि उनके करियर में रवि किशन का कोई हाथ नहीं है और उन्हें रवि किशन के प्यार की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि जनता उन्हें बहुत प्यार करती है.
मनोज तिवारी के घर में छुपकर रहने का किस्सा
खेसारी ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए एक मजेदार और इमोशनल बात बताई. उन्होंने कहा कि जब वह नए-नए मुंबई आए थे, तब उनके पास रहने की जगह नहीं थी. उस समय वह भोजपुरी सुपरस्टार और नेता मनोज तिवारी के घर में छुपकर रहा करते थे. मनोज तिवारी के घर की देखभाल करने वाले दो लोग खेसारी के दोस्त थे, वही उन्हें घर के अंदर छुपाते थे क्योंकि मनोज तिवारी ज्यादातर दिल्ली में रहते थे. हालांकि, बाद में मनोज तिवारी को इस बात का पता चल गया था.
यह भी पढ़ें: Shilpi Raj New Song: रिलीज के साथ ही इंटरनेट पर छाया शिल्पी राज का नया गाना ‘चुम्मा’, क्या आपने वीडियो देखा?
