Arijit Singh New Song: जब भी रोमांटिक गानों की बात होती है, एक नाम सबसे पहले जुबान पर आता है, वो है अरिजीत सिंह का. उनकी आवाज ने सालों तक बॉलीवुड के इमोशनल पलों को खास बनाया है. ऐसे में जब उन्होंने प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने का ऐलान किया, तो फैंस का दिल टूट गया. लेकिन अब कहानी में बड़ा ट्विस्ट आया है. अरिजीत ने अपने पहले इंडिपेंडेंट सिंगल सॉन्ग ‘रैना’ के साथ नई शुरुआत कर दी है.
‘रैना’ से अरिजीत की नई राह
‘रैना’ अरिजीत सिंह का पहला स्वतंत्र गाना है, जो उनके प्लेबैक सिंगिंग से हटने के ऐलान के बाद रिलीज हुआ है. इस खूबसूरत ट्रैक को शेखर रवजियानी ने कंपोज किया है और इसके बोल प्रिया सरैया ने लिखे हैं. गाना एक सॉफ्ट, रोमांटिक और सुकून देने वाली मेलोडी है. इसमें एक महिला की तुलना रात से की गई है, जो शांत, गहरी और रहस्यमयी है. बीते दिन यानी 27 फरवरी को रिलीज होते ही यह गाना सोशल मीडिया पर छा गया.
रिटायरमेंट पर क्या बोले थे अरिजीत?
27 जनवरी को अरिजीत ने सोशल मीडिया के जरिए साफ किया था कि वह अब नए प्लेबैक सिंगिंग प्रोजेक्ट्स नहीं लेंगे. उन्होंने अपने सफर के लिए फैंस का शुक्रिया अदा किया. इसके बाद तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं कि क्या वह संगीत को पूरी तरह अलविदा कह रहे हैं. हालांकि बाद में उन्होंने खुद सामने आ कर साफ किया कि वह गाना नहीं छोड़ रहे हैं. उनके कई गाने और प्रोजेक्ट्स अभी रिलीज होने बाकी हैं. उनका फैसला सिर्फ ट्रेडिशनल प्लेबैक फॉर्मेट से अलग होने का है, पूरी तरह संगीत से नहीं.
आगे की तैयारी
अरिजीत ने फिल्म ‘एक दिन’ के लिए भी गाना गाया है, जिसमें जुनैद खान और साई पल्लवी नजर आएंगे. इस फिल्म को आमिर खान प्रोड्यूस कर रहे हैं. फिल्म का टाइटल ट्रैक रिलीज हो चुका है और एक बार फिर अरिजीत की इमोशनल आवाज ने लोगों का दिल जीत लिया है. वहीं ‘रैना’ के साथ अरिजीत अब इंडिपेंडेंट म्यूजिक की दुनिया में कदम रख चुके हैं.
यह भी पढे़ं: 8 साल पहले रश्मिका मंदाना की टूट चुकी है सगाई, विजय संग करने जा रही हैं शादी
