प्रसिद्ध पंजाबी गायक और अभिनेता एमी विर्क को लेकर कनाडा से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आ रही है. 5 सितंबर को ब्रिटिश कोलंबिया के एबॉट्सफोर्ड में अपना लाइव कंसर्ट खत्म करने के बाद जब एमी विर्क लौट रहे थे, तब उनके काफिले को निशाना बनाकर अंधाधुंध गोलियां चलाई गईं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि 7 राउंड गोलियां चलने के बाद भी एमी विर्क और उनके साथ मौजूद लोग इस हमले में कैसे सुरक्षित बच निकले?
बुलेटप्रूफ रोल्स रॉयस कार ने बचाई जान
लोकल कनाडाई मीडिया कोट के अनुसार मेकैलम रोड से गुजरते वक्त एक डार्क-कलर की एसयूवी में सवार अज्ञात हमलावरों ने एमी विर्क की रोल्स रॉयस कुलिनन कार पर लगभग 7 राउंड फायरिंग कर दी. राहत की बात यह रही कि यह कार बुलेटप्रूफ थी. इसी वजह से गाड़ी में सवार एमी विर्क समेत चारों लोग इस जानलेवा हमले में बिना किसी नुकसान के पूरी तरह सुरक्षित बच गए. हालांकि इस पूरी वारदात पर सिंगर के परिवार की तरफ से एक अलग ही दावा सामने आया है.
पिता ने किया खबर का खंडन, पुलिस कर रही मामले की जांच
जहाँ मीडिया रिपोर्ट्स में 7 गोलियां चलने और टारगेटेड अटैक की बात कही जा रही है, वहीं बाबूशाही नेटवर्क की रिपोर्ट के अनुसार एमी विर्क के पिता कुलजीत सिंह ने इस तरह की किसी भी फायरिंग की घटना से साफ इनकार किया है. फिलहाल कनाडा पुलिस इस पूरे मामले को टारगेटेड शूटिंग मानकर जांच में जुटी हुई है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. इस घटना के बीच एमी विर्क का वह पुराना इंटरव्यू भी चर्चा में आ गया है, जिसमें उन्होंने आर्टिस्ट्स की सुरक्षा पर चिंता जताई थी.
"इसीलिए फैमिली को रखते हैं दूर" सुरक्षा पर बोले थे एमी
CNN-News18 इंटरव्यू के दौरान जब एमी विर्क से पंजाबी कलाकारों की सुरक्षा पर सवाल पूछा गया था, तो उन्होंने कहा था "हम एक ऐसे प्रोफेशन में हैं जहाँ सिर्फ फैंस ही नहीं बल्कि दुश्मनी की आशंका भी बनी रहती है. हम नहीं चाहते कि हमारी वजह से परिवार वाले परेशान हों. उन्हें मीडिया से दूर रखना उनकी सुरक्षा के लिए ही जरूरी है." एमी विर्क पंजाबी सिनेमा के साथ-साथ बॉलीवुड में भी अपनी मजबूत पहचान बना चुके हैं.
बॉलीवुड में भी जमा चुके हैं धाक
'किस्मत' और 'दरिया' जैसे हिट गानों से पहचान बनाने वाले एमी विर्क ने फिल्म 'भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया' से अपना बॉलीवुड डेब्यू किया था. इसके बाद वे '83', 'बैड न्यूज' और 'खेल खेल में' जैसी बड़ी फिल्मों में नजर आए. पंजाबी सिनेमा में हाल ही में उनकी फिल्म 'गोड्डे गोड्डे चा 2' रिलीज हुई है.
ये भी पढ़ें: आशीर्वाद देने लगा था... Hanuman Ansh में नीम करोली बाबा बने शोभिनव सत्या को सचमुच 'बाबा' समझने लगे थे लोग
