बॉलीवुड के महानायक कहे जाने वाले एक्टर अमिताभ बच्चन को भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े सम्मान ‘दादा साहब फाल्के पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा. फिल्म जगत में जीवनभर के योगदान के बाद इस सम्मान से किसी कलाकार को सम्मानित किया जाता है. केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने मंगलवार शाम ट्विटर पर इस बारे में जानकारी दी.
प्रकाश जावड़ेकर ने ट्वीट किया- दो पीढ़ियों को एंटरटेन और इंस्पायर करनेवाले लीजेंड अमिताभ बच्चन को एकमत ढंग से दादा साहब फाल्के पुरस्कार के लिए चुना गया है. पूरा देश और अंतरराष्ट्रीय समुदाय इस बारे में खुश है. मेरी तरफ से उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं.
यह खबर सामने आने के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया- श्री अमिताभ बच्चन हिंदी सिनेमा के उन कलाकारों में हैं जिन्होंने लंबे समय तक सिने प्रेमियों के दिलों पर राज किया है. पांच दशक में उन्होंने अनेक फिल्मों में अपनी अभिनय कला एवं प्रतिभा का प्रदर्शन किया है. उन्हें दादा साहब फाल्के सम्मान मिलने की बधाई एवं शुभकामनाएं.
फिल्मकार करण जौहर ने भी बिग बी को बधाई दी. उन्होंने लिखा, इंडियन सिनेमा के सबसे प्रेरणादायक लीजेंड. वह रॉकस्टार हैं. मैं गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं कि मैं अमिताभ बच्चन के युग में हूं.
अनिल कपूर ने ट्वीट किया, इस लीजेंड के बिना भारतीय सिनेमा का उल्लेख नहीं हो सकता. उन्होंने हर रोल के साथ सिनेमा को रीडिफाइन किया है और उनके अनगिनत योगदान के लिए वह हर प्रशंसा के हकदार हैं. बधाई!
फिल्मकार मधुर भंडाकर ने लिखा, लीजेंड अमिताभ बच्चन को प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के अवॉर्ड के लिए बधाई. आपने अपनी परफॉर्मेंस से कई पीढ़ियों का मनोरंजन किया है. आपकी और अधिक सफलता और खुशी की कामना करता हूं.
वहीं साउथ के सुपरस्टार रजनीकांत और नार्गाजुन अक्किनेनी ने भी ट्वीट कर अमिताभ बच्चन को बधाई दी है. नागार्जुन ने कहा कि यह सुनकर बहुत खुशी हुई कि आपको दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा. हम सभी आपसे बहुत प्यार करते हैं और आप पर बहुत गर्व है.
मालूम हो कि भारतीय सिनेमा के पितामह कहे जाने वाले दादा साहब फाल्के के नाम पर सिनेमा जगत का यह सर्वोच्च पुरस्कार दिया जाता है. यह सूचना और प्रसारण मंत्रालय द्वारा स्थापित संगठन फिल्म महोत्सव निदेशालय द्वारा राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में प्रतिवर्ष प्रस्तुत किया जाता है.
अमिताभ बच्चन से पहले यह अवॉर्ड साल 2017 में विनोद खन्ना को, 2015 में एक्टर मनोज कुमार को, 2014 में शशि कपूर को मिल चुका है. इनके अलावा, 2013 में गुलजार को और 2012 में प्राण को, 2011 में सौमित्र चटर्जी को, 2010 में के बालाचंदर और 2009 में डी रामानायडू को यह पुरस्कार मिल चुका है. इनके अलावा मन्ना डे, वीके मूर्ति, देव आनंद, यश चोपड़ा को भी इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है.
