NEET UG 2026 Topper: झारखंड के सुहर्ष बने स्टेट टॉपर, जानें कितनी मिली रैंक

NEET UG 2026 Topper From Jharkhand: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 री-एग्जाम का रिजल्ट जारी कर दिया है. इस बार झारखंड के छात्रों ने भी शानदार प्रदर्शन किया है. राज्य में सबसे बेहतर प्रदर्शन सुहर्ष कुमार गुप्ता ने किया. उन्हें ऑल इंडिया रैंक (AIR) 455 मिली है और उनका परसेंटाइल 99.97 रहा.

NEET UG 2026 Topper From Jharkhand: एनटीए की तरफ से जारी टॉपर्स लिस्ट के अनुसार, नीट यूजी 2026 में इस बार भी झारखंड का कोई भी छात्र देश की टॉप 100 रैंक में जगह नहीं बना सका. इसके बावजूद राज्य के कई छात्रों ने अच्छे अंक हासिल कर मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश की उम्मीद मजबूत की है.

रांची के ज्ञानेंद्र गर्व का शानदार प्रदर्शन

रांची के ज्ञानेंद्र गर्व ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक 676 हासिल की. उन्हें परीक्षा में 665 अंक मिले और उनका परसेंटाइल 99.96 रहा. ज्ञानेंद्र के पिता कुमार मयंक भूषण गढ़वा में एसडीओ हैं, जबकि उनकी मां कुमारी अंजली सरकारी शिक्षिका हैं. उन्होंने 12वीं की पढ़ाई जेवीएम श्यामली से और 10वीं की पढ़ाई डीएवी कपिलदेव स्कूल से पूरी की है.

इसके अलावा रांची के अक्षत प्रेम को AIR 2034 और 642 अंक मिले. शाकिब अहमद ने AIR 2282 के साथ 640 अंक हासिल किए. वहीं मयंक कुमार को AIR 3211 और सर्वजीत को AIR 4271 मिली. रांची से इस बार करीब 10 हजार छात्रों ने NEET UG परीक्षा में हिस्सा लिया था, जिनमें कई छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया.

देशभर में पंजाब और हरियाणा के छात्रों ने किया टॉप

राष्ट्रीय स्तर पर पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल संयुक्त रूप से NEET UG 2026 के टॉपर बने हैं. दोनों ने 720 में से 715 अंक हासिल किए. देशभर में कुल 11.21 लाख उम्मीदवार सफल घोषित किए गए हैं.

इस बार 19 छात्रों ने 700 या उससे अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 1,492 अभ्यर्थियों ने 650 से ज्यादा अंक हासिल किए हैं. NTA ने समय पर रिजल्ट जारी किया है ताकि मेडिकल कॉलेजों की काउंसलिंग और एडमिशन प्रक्रिया तय समय पर पूरी हो सके.

1.08 लाख MBBS सीटों पर होगा दाखिला

NEET UG 2026 के नतीजों के आधार पर देशभर के मेडिकल कॉलेजों में दाखिला होगा. इस बार MBBS की कुल 1.08 लाख सीटें उपलब्ध हैं. इनमें लगभग 56 हजार सीटें सरकारी मेडिकल कॉलेजों में और करीब 52 हजार सीटें निजी मेडिकल कॉलेजों में हैं.

री-एग्जाम से पहले NTA ने फाइनल आंसर-की भी जारी की थी. इसमें एक प्रश्न को हटाया गया, जबकि एक अन्य प्रश्न के दो सही उत्तर स्वीकार किए गए. गौरतलब है कि पेपर लीक के आरोपों के बाद पहले आयोजित परीक्षा को रद्द कर दिया गया था. इसके बाद 21 जून को दोबारा परीक्षा कराई गई. इस पूरे मामले की जांच फिलहाल CBI कर रही है.

ये भी पढ़ें: NEET UG में नवादा के आयुष भलोटिया ने किया टॉप, AIR 4, देखें मार्कशीट


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

रवि मल्लिक पिछले 7 सालों से डिजिटल पत्रकारिता से जुड़े हैं. स्कूली शिक्षा से लेकर नौकरी तक की खबरों पर काम करना पसंद है. युवाओं को बेहतर करियर ऑप्शन, करंट अफेयर्स और नई वैकेंसी के बारे में बताना अच्छा लगता है. बोर्ड परीक्षा हो या UPSC, JEE और NEET एग्जाम टॉपर्स से बात करना और उनकी स्ट्रेटजी के बारे में जानना पसंद है. युवाओं को प्रेरित करने के लिए उनके बीच के मुद्दों को उठाना और सही व सटीक जानकारी देना ही उनकी प्राथमिकता है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >