BCA vs BCom: 12वीं पास करने के बाद सबसे बड़ा सवाल होता है कि आगे कौन सा कोर्स चुना जाए. अगर आपकी रुचि बिजनेस, फाइनेंस या टेक्नोलॉजी में है, तो बीकॉम (बैचलर ऑफ कॉमर्स) और बीसीए (बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन) दो सबसे फेमस ऑप्शन हैं. दोनों ही 3 साल के अंडरग्रेजुएट डिग्री प्रोग्राम हैं, लेकिन इनका सिलेबस, करियर स्कोप और जॉब प्रोफाइल एक-दूसरे से काफी अलग है. ऐसे में सही कोर्स का चुनाव हमेशा अपनी रुचि और फ्यूचर के करियर लक्ष्य को ध्यान में रखकर करना चाहिए.
BCom: बैंकिंग और फाइनेंस में करियर की मजबूत शुरुआत
अगर आपकी रुचि अकाउंटिंग, फाइनेंस, टैक्सेशन और बिजनेस मैनेजमेंट में है, तो बीकॉम आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकता है. BCom में फाइनेंशियल अकाउंटिंग, कॉर्पोरेट लॉ, इनकम टैक्स, इकोनॉमिक्स और बिजनेस स्टैटिस्टिक्स जैसे प्रमुख विषय पढ़ाए जाते हैं. इन विषयों के जरिए छात्रों को अकाउंटिंग, टैक्सेशन, कानून, अर्थशास्त्र और बिजनेस से जुड़े जरूरी कॉन्सेप्ट्स की जानकारी दी जाती है.
BCA vs BCom: करियर स्कोप
बीकॉम के बाद स्टूडेंट्स अकाउंटेंट, बैंक पीओ, फाइनेंशियल एनालिस्ट, टैक्स कंसल्टेंट, ऑडिटर और कॉर्पोरेट सेक्टर में कई पदों पर करियर बना सकते हैं. वहीं अगर आप सीए (चार्टर्ड अकाउंटेंसी), सीएस(CS), सीएफए या एमबीए (फाइनेंस) करना चाहते हैं, तो बीकॉम आपके लिए मजबूत आधार तैयार करता है.
ये भी पढ़ें: मैथ्स से मत भागो, AI इंजीनियर बनना है तो यही है असली गेम चेंजर
BCA: आईटी इंडस्ट्री में करियर बनाने का शानदार विकल्प
अगर आपकी रुचि कंप्यूटर, कोडिंग और नई टेक्नोलॉजी सीखने में है, तो बीसीए आपके लिए सही विकल्प हो सकता है. बिना बीटेक किए भी इस कोर्स के जरिए आईटी सेक्टर में शानदार करियर बनाया जा सकता है. BCA में C और C++, Java, Python, डेटाबेस मैनेजमेंट सिस्टम (DBMS), वेब डेवलपमेंट और नेटवर्किंग जैसे प्रमुख विषय पढ़ाए जाते हैं. इन विषयों के माध्यम से छात्रों को प्रोग्रामिंग, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, डेटाबेस, वेबसाइट निर्माण और कंप्यूटर नेटवर्किंग से जुड़ी तकनीकी जानकारी और व्यावहारिक कौशल विकसित करने का अवसर मिलता है.
करियर स्कोप
BCA के बाद स्टूडेंट्स सॉफ्टवेयर डेवलपर, वेब डेवलपर, सिस्टम एडमिनिस्ट्रेटर, डेटा एनालिस्ट, एप्लिकेशन डेवलपर और आईटी सपोर्ट इंजीनियर जैसी प्रोफाइल में काम कर सकते हैं. वहीं BCA के बाद MCA या MBA(IT) करने से देश और विदेश की बड़ी टेक कंपनियों में बेहतर करियर और आकर्षक सैलरी पैकेज मिलने की संभावना बढ़ जाती है.
| आधार | BCom | BCA |
| फील्ड | कॉमर्स और फाइनेंस | कंप्यूटर और आईटी |
| मुख्य फोकस | अकाउंटिंग, टैक्सेशन, बिजनेस | प्रोग्रामिंग, सॉफ्टवेयर और टेक्नोलॉजी |
| करियर स्कोप | अकाउंटेंट, बैंक PO, फाइनेंशियल एनालिस्ट | सॉफ्टवेयर डेवलपर, वेब डेवलपर, डेटा एनालिस्ट |
| आगे की पढ़ाई | CA, CS, CFA, MBA | MCA, MBA (IT) |
BCA vs BCom: किसे कौन सा कोर्स चुनना चाहिए?
BCom चुनें अगर
- आपकी रुचि बैंकिंग, फाइनेंस, अकाउंटिंग या शेयर बाजार में है.
- आप सीए, सीएस, सीएफए या एमबीए (फाइनेंस) करना चाहते हैं.
BCA चुनें अगर
- आपको कोडिंग, कंप्यूटर और टेक्नोलॉजी पसंद है.
- आप सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, वेब डेवलपमेंट या आईटी सेक्टर में करियर बनाना चाहते हैं.
BCOM और BCA दोनों ही अपने-अपने फील्ड में बेहतरीन करियर अवसर प्रदान करते हैं. किसी के कहने पर कोर्स चुनने के बजाय अपनी रुचि, क्षमता और भविष्य के लक्ष्य के अनुसार फैसला लें. सही कोर्स का चुनाव ही आपको सफल करियर की दिशा में आगे बढ़ाने में मदद करेगा.
ये भी पढ़ें: DElEd या BEd में क्या है बेस्ट, किस कोर्स से खुलेगी नौकरी की ज्यादा राहें
