राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) ने देश में कोविड-19 की स्थिति को देखते हुए कक्षा 12 की सार्वजनिक परीक्षाएं रद्द कर दी हैं. एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि संस्थान परिणाम तैयार करने के लिए एक “अच्छी तरह से परिभाषित उद्देश्य मानदंड” तैयार करेगा. एनआईओएस ने मई में कक्षा 12 की सार्वजनिक परीक्षाओं को स्थगित कर दिया था और कक्षा 10 की परीक्षाओं को रद्द कर दिया था.
NIOS ने कहा कि वैकल्पिक मूल्यांकन मानदंडों से असंतुष्ट होने वाले छात्रों को ऑन डिमांड परीक्षा के माध्यम से अपने रिजल्ट में सुधार करने का मौका दिया जाएगा. ऑन डिमांड परीक्षा कोरोना महामारी की स्थिति सही होने के बाद ही आयोजित की जाएगी.
बता दें कि सीबीएसई की परीक्षा रद्द होने के बाद से ही NIOS के छात्रों ने 12वीं की परीक्षा का विरोध तेज कर दिया था. 12वीं के छात्र परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर कई दिनों से ट्विटर पर कैंपेन कर रहे थे.
सीबीएसई 12वीं परीक्षा हुई रद्द
सीबीएसई की घोषणा के बाद, लगभग एक दर्जन राज्य बोर्डों और केंद्रीय बोर्ड सीआईएससीई ने अपनी कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा रद्द कर दी है. अन्य राज्य जल्द ही घोषणा कर सकते हैं.
कक्षा 10 के छात्रों के लिए, मूल्यांकन और परिणामों की तैयारी के लिए “उपयुक्त मानदंड” तैयार किए जाएंगे, एनआईओएस ने कहा था, जो शिक्षार्थी इस पद्धति से संतुष्ट नहीं हैं, उन्हें बाद में अपने स्कोर में सुधार करने का मौका दिया जाएगा.
Posted By: Shaurya Punj
