Top Stocks In Focus: फरवरी का आखिरी शुक्रवार भारतीय शेयर बाजार के लिए भारी तबाही लेकर आया. ऑल राउंड बिकवाली के चलते बाजार ताश के पत्तों की तरह ढह गया, जिससे निवेशकों को एक ही दिन में 5.5 लाख करोड़ रुपये का तगड़ा चूना लगा. सेंसेक्स करीब 961 अंक टूटकर 81,287 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी ने भी 317 अंकों की गोताखोरी की. इस गिरावट के बावजूद कुछ चुनिंदा कंपनियों ने बड़े ऐलान किए हैं, जो अगले हफ्ते बाजार का रुख तय करेंगे.
इन बड़े शेयरों में मच सकती है हलचल
अगले कारोबारी हफ्ते में कई कंपनियों के कॉर्पोरेट एक्शन जैसे डिविडेंड, बोनस और नए प्रोजेक्ट्स के चलते निवेशकों की नजर इन स्टॉक्स पर टिकी रहेगी:
- डिफेंस सेक्टर की भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (BEL) सरकारी कंपनी ने अपने निवेशकों को खुश कर दिया है. कंपनी ने साल 2025-26 के लिए 1.95 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है.
- SBI कार्ड्स कंपनी के बोर्ड की 5 मार्च को अहम बैठक है. अगर इसमें डिविडेंड को हरी झंडी मिलती है, तो 11 मार्च को रिकॉर्ड डेट तय की गई है. साथ ही, कंपनी ने अपने रिवॉर्ड पॉइंट सिस्टम में भी बदलाव किया है.
- स्पाइसजेट (SpiceJet) एयरलाइन के लिए मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं. सुप्रीम कोर्ट से राहत न मिलने के बाद अब कंपनी को 144.51 करोड़ रुपये जमा करने होंगे, जिसका असर इसके शेयरों पर दिख सकता है.
- इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र से बड़ी खबर है. HG इंफ्रा को ओडिशा में NHAI से 1,582 करोड़ रुपये का बड़ा रोड प्रोजेक्ट मिला है, जो लंबी अवधि के लिए सकारात्मक संकेत है.
बोनस और स्टॉक स्प्लिट का धमाका
6 मार्च का दिन कुछ निवेशकों के लिए लॉटरी जैसा साबित हो सकता है:
- LKP Finance कंपनी 4:1 के अनुपात में बोनस शेयर देने जा रही है.
- सिल्वर टच टेक्नोलॉजीज कंपनी 1:1 का बोनस देने के साथ-साथ अपने शेयरों को 1:5 के रेशियो में स्प्लिट भी कर रही है.
इन कंपनियों के नए प्रोजेक्ट्स बढ़ाएंगे हलचल
- चेन्नई में एक नए रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट ब्रिगेड स्टेलारिस के लॉन्च के बाद इस रियल्टी स्टॉक में हलचल बढ़ सकती है.
- पारस डिफेंस अब सेमीकंडक्टर सेक्टर में कदम रख चुकी है. नई सब्सिडियरी पारस सेमीकंडक्टर्स के गठन से निवेशकों का उत्साह बढ़ सकता है.
- महाराष्ट्र के अकोला में 55 कमरों के नए लाइसेंस एग्रीमेंट के साथ लेमन ट्री होटल्स अपना विस्तार कर रही है.
- मैनेजमेंट में हुए बड़े बदलावों और नए अंतरिम प्रमुख की नियुक्ति के कारण फिनो पेमेंट्स बैंक का शेयर चर्चा के केंद्र में रहेगा.
Also Read: होली समेत इतने दिन बंद रहेगा मार्केट, ट्रेडिंग करने से पहले चेक करें छुट्टियों की पूरी लिस्ट
