Tax Haven Countries: दुनिया में आम तौर पर हर देश में लोगों को अपनी कमाई पर टैक्स देना पड़ता है. लेकिन कुछ ऐसे देश भी हैं जहां सैलरी पर कोई पर्सनल इनकम टैक्स नहीं लगता. यानी वहां काम करने वाले लोग अपनी पूरी कमाई अपने पास रख सकते हैं.
अमेरिका के संस्थापक नेताओं में से एक Benjamin Franklin ने कहा था कि जिंदगी में दो चीजें तय हैं, मौत और टैक्स. लेकिन दुनिया के कुछ देश ऐसे हैं जहां सरकार लोगों की सैलरी पर टैक्स नहीं लेती.
संयुक्त अरब अमीरात (UAE)
सबसे पहले बात करें United Arab Emirates की. यहां काम करने वाले लोगों को अपनी सैलरी पर कोई इनकम टैक्स नहीं देना पड़ता. हालांकि यहां सामान और सेवाओं की खरीद पर 5 प्रतिशत वैट (VAT) लगता है. इसके अलावा कुछ खास चीजों पर एक्साइज टैक्स और कंपनियों के मुनाफे पर कॉर्पोरेट टैक्स भी लागू होता है. दुबई और अबू धाबी जैसे शहर दुनिया के बड़े बिजनेस और रोजगार केंद्र माने जाते हैं.
सऊदी अरब
इसी तरह Saudi Arabia में भी नौकरी से मिलने वाली सैलरी पर इनकम टैक्स नहीं लगता. हालांकि अगर कमाई बिजनेस या किसी अन्य स्रोत से होती है तो उस पर अलग नियम लागू हो सकते हैं.
कुवैत
कुवैत (Kuwait ) भी उन देशों में शामिल है जहां कर्मचारियों की सैलरी पर टैक्स नहीं लगाया जाता. यहां नौकरी करने वाले लोगों को अपनी आय पर इनकम टैक्स नहीं देना पड़ता.
कतर
Qatar में भी व्यक्तिगत आय पर टैक्स नहीं है. हालांकि यहां कंपनियों को अपने मुनाफे पर करीब 10 प्रतिशत कॉर्पोरेट टैक्स देना पड़ता है.
ओमान
वहीं Oman में फिलहाल पर्सनल इनकम टैक्स नहीं है, लेकिन सरकार ने 1 जनवरी 2028 से नया नियम लागू करने का फैसला किया है. इसके तहत जिन लोगों की सालाना आय लगभग 42,000 ओमानी रियाल से ज्यादा होगी, उन्हें 5 प्रतिशत टैक्स देना होगा.
मध्य पूर्व के देशों के अलावा कुछ छोटे देश भी हैं जहां लोगों की आय पर टैक्स नहीं लगता. इनमें Bahamas, Monaco और Saint Kitts and Nevis शामिल हैं. इन देशों में भी व्यक्तिगत आय पर कोई टैक्स नहीं लिया जाता.
कुल मिलाकर, ये देश उन लोगों के लिए खास माने जाते हैं जो विदेश में काम करके ज्यादा बचत करना चाहते हैं. क्योंकि यहां सैलरी पर इनकम टैक्स नहीं लगता और लोग अपनी पूरी कमाई अपने पास रख सकते हैं.
Also Read : किराया 50000 से है ज्यादा? 31 मार्च तक भरें TDS, वरना लगेगा जुर्माना
