जमशेदपुर से अशोक झा की रिपोर्ट
Tata Motors FY26 Results: टाटा मोटर्स ने वित्त वर्ष 2026 के नतीजे जारी कर दिए हैं. कंपनी के एमडी गिरीश वाघ ने साफ किया है कि बाजार में चुनौतियां तो हैं, लेकिन टाटा मोटर्स हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है. जीएसटी 2.0 के आने से बाजार में जो नई जान फूंकी है, उसका असर कंपनी की सेल पर साफ दिख रहा है.
क्या जीएसटी 2.0 ने बदल दी बाजार की चाल?
वित्त वर्ष 2026 की शुरुआत कमर्शियल व्हीकल इंडस्ट्री के लिए काफी मुश्किल भरी रही थी. पहली छमाही (First Half) में मांग काफी सुस्त थी, लेकिन जैसे ही जीएसटी 2.0 लागू हुआ, बाजार की तस्वीर बदल गई. इससे मांग में सुधार आया और तीसरी व चौथी तिमाही में बिक्री ने जबरदस्त रफ्तार पकड़ी. टाटा मोटर्स के लिए यह बदलाव एक ‘टर्निंग पॉइंट’ साबित हुआ है.
कितनी रही टाटा मोटर्स की सेल?
अगर आंकड़ों की बात करें, तो चौथी तिमाही में टाटा मोटर्स ने शानदार प्रदर्शन किया है. कंपनी ने कुल 1,32,465 यूनिट्स बेचीं, जो पिछले साल की इसी अवधि (1,05,643 यूनिट्स) के मुकाबले 25% ज्यादा है. केवल मार्च 2026 में ही कंपनी ने 47,976 गाड़ियां बेची हैं. यह दिखाता है कि कस्टमर अब टाटा के नए और विस्तृत प्रोडक्ट पोर्टफोलियो पर भरोसा जता रहे हैं.
मिडिल ईस्ट संकट का क्या होगा असर?
अच्छी ग्रोथ के बावजूद गिरीश वाघ ने सतर्क रहने की बात कही है. मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के कारण इंटरनेशनल मार्केट और सप्लाई चेन पर असर पड़ने की आशंका है. इसी वजह से सालाना आधार पर जो डबल-डिजिट ग्रोथ की उम्मीद थी, उसमें मामूली कमी देखी गई है. कंपनी अब भू-राजनीतिक घटनाक्रमों और बदलती वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पैनी नजर रख रही है.
ग्राहकों की जेब पर क्या पड़ेगा असर?
टाटा मोटर्स के लिए सबसे बड़ी चिंता डीजल की कीमतें हैं. गिरीश वाघ के अनुसार, डीजल के दाम सीधे तौर पर ग्राहकों की लागत (Operating Cost) को प्रभावित करते हैं. हालांकि, कंपनी ने रिस्क कम करने के लिए जरूरी कदम उठाए हैं. टाटा मोटर्स का मानना है कि उनकी नई रेंज और बेहतर प्लानिंग उन्हें भविष्य के अवसरों का फायदा उठाने में मदद करेगी.
ये भी पढ़ें: सोना-चांदी में आई गिरावट, देखें आज की पूरी रेट लिस्ट
