Swiggy Share Price: स्विगी के निवेशकों के लिए आज का दिन काफी भारी रहा है. शुक्रवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर कंपनी का शेयर करीब 8% तक गिरकर 302 रुपये के स्तर पर आ गया. अगर पिछले एक महीने का हिसाब देखें, तो शेयर की कीमत में 22% से ज्यादा की कमी आई है. इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह कल शाम आए स्विगी के तीसरी तिमाही (Q3) के नतीजे है.
घाटा बढ़ा, पर कमाई भी चमकी
दिसंबर तिमाही में स्विगी का कुल घाटा बढ़कर 1,065 करोड़ रुपये हो गया है, जो पिछले साल इसी दौरान 799 करोड़ रुपये था. हालांकि, राहत की बात यह है कि कंपनी की कमाई (Revenue) में शानदार 54% का उछाल आया है और यह 6,148 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है.
कंपनी और क्या अलग-अलग बिजनेस करती है?
- फूड डिलीवरी: इसमें 25% की ग्रोथ रही.
- क्विक कॉमर्स (Instamart): यहां 76% की बढ़त दिखी.
- सप्लाई चेन: इस वर्टिकल ने भी 76% की छलांग लगाई.
सीईओ और एक्सपर्ट्स की राय
स्विगी के सीईओ श्रीहर्ष मजेटी का कहना है कि कंपनी सही रास्ते पर है. उनका मानना है कि क्विक कॉमर्स में अभी बहुत संभावनाएं हैं और वे धीरे-धीरे मुनाफे की तरफ बढ़ रहे हैं. वहीं, बाजार के एक्सपर्ट्स थोड़े फिक्रमंद हैं. CLSA और Morgan Stanley जैसे बड़े विश्लेषकों का कहना है कि स्विगी ने उम्मीद से कम प्रदर्शन किया है. खासकर क्विक कॉमर्स में जितनी बढ़त की उम्मीद थी, उतनी नहीं दिखी. बाजार में बढ़ते कॉम्पिटिशन की वजह से यह साफ नहीं हो पा रहा है कि कंपनी कब तक पूरी तरह मुनाफे में आएगी.
फिलहाल, स्विगी की मार्केट वैल्यू 85,542 करोड़ रुपये के आसपास है. निवेशकों के मन में अब यही सवाल है कि क्या कंपनी अपने भारी खर्चों पर लगाम लगाकर जल्द ही ब्रेक-इवन(नो लॉस-नो प्रॉफिट) की स्थिति तक पहुंच पाएगी या नहीं.
ये भी पढ़ें: फरवरी में लगाएं खीरा, टमाटर और भिंडी जैसी ये 8 फसलें, मात्र 60 दिनों में होगा बंपर मुनाफा
