क्या आपका बिजली बिल उम्मीद से ज्यादा आ रहा है? इसे केवल यूनिट बढ़ने का नतीजा न समझें. घर में इस्तेमाल होने वाले AC, फ्रिज, गीजर, वॉशिंग मशीन, पानी की मोटर और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का गलत इस्तेमाल भी बिजली की खपत बढ़ा सकता है. हालिया रिपोर्टों में भी इन उपकरणों के इस्तेमाल की आदतों को बिजली खर्च से जोड़कर बताया गया है.
AC का तापमान रखें सटीक
गर्मी में AC बिजली बिल बढ़ाने वाला सबसे बड़ा कारण बन सकता है. BEE के अनुसार AC का तापमान 24°C के आसपास रखना ऊर्जा बचाने में मदद करता है.ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी (BEE ) के मुताबिक तापमान में हर 1°C की बढ़ोतरी से करीब 6% बिजली की बचत हो सकती है.
पुराने उपकरणों पर दें ध्यान
नया फ्रिज, AC या अन्य उपकरण खरीदते समय BEE Star Rating जरूर देखें. ज्यादा स्टार रेटिंग वाला उपकरण आम तौर पर अधिक ऊर्जा दक्ष होता है. BEE का स्टार-लेबल कार्यक्रम उपभोक्ताओं को उपकरणों की ऊर्जा दक्षता और संभावित बचत की जानकारी देता है.
गीजर और मोटर को बेवजह न चलाएं
गीजर में पानी गर्म करने के लिए ज्यादा ऊर्जा लगती है. इसी तरह पानी की टंकी भर जाने के बाद मोटर चलती रह जाए तो बिजली की खपत बेवजह बढ़ती है. इसलिए दोनों उपकरणों को जरूरत के हिसाब से ही चलाएं.
स्टैंडबाय मोड से भी बचें
टीवी, सेट-टॉप बॉक्स, चार्जर और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सिर्फ रिमोट से बंद करने के बजाय जरूरत न होने पर प्लग से स्विच ऑफ करना बेहतर है. कुछ उपकरण बंद होने के बावजूद स्टैंडबाय पावर लेते रह सकते हैं. LED बल्ब अपनाएं
पुराने बल्बों की जगह LED बल्ब लगाना भी बिजली की खपत कम करने का आसान तरीका है. साथ ही खाली कमरे की लाइट और पंखे बंद रखने की आदत डालें. BEE भी LED और ऊर्जा-कुशल उपकरणों के इस्तेमाल को बढ़ावा देता है.
ये भी पढ़ें: Ticket Deposit Receipt: ट्रेन 3 घंटे लेट, टिकट कैंसिल किए बिना मिलेगा 100% रिफंड, जानिए कैसे...?
