PM Kisan Samman Nidhi : देश के किसान परिवारों को आर्थिक संबल देने वाली ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ (PM Kisan Samman Nidhi) की अगली किस्त को लेकर इन दिनों सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं. इंटरनेट पर दावा किया जा रहा है कि योजना की 23वीं किस्त बहुत जल्द जारी होने वाली है, जिसके तहत पात्र किसानों के बैंक खातों में ₹2,000 भेजे जाएंगे. हालांकि, सच यह है कि केंद्र सरकार ने अभी तक किस्त जारी करने की किसी फिक्स तारीख का एलान नहीं किया है. ऐसे में किसानों के लिए यह जानना जरूरी है कि अफवाहों के पीछे का सच क्या है.
क्या वाकई 18 जून को जारी होगी 23वीं किस्त?
इंटरनेट और कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में 18 जून को किस्त आने का दावा सिर्फ एक अनुमान पर आधारित है. दरअसल, साल 2024 में 18 जून के दिन ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योजना की 17वीं किस्त जारी की थी, जिससे करीब 9 करोड़ से ज्यादा किसानों को फायदा हुआ था. इसी पुरानी तारीख को आधार मानकर लोग कयास लगा रहे हैं कि इस बार भी किस्त इसी समय के आसपास आ सकती है. जब तक कृषि मंत्रालय या सरकार की तरफ से कोई आधिकारिक नोटिफिकेशन नहीं आता, तब तक इन खबरों को केवल अटकलें ही माना जाना चाहिए.
क्या है पीएम किसान योजना और कैसे मिलती है मदद ?
यह केंद्र सरकार की एक बेहद लोकप्रिय योजना है, जिसकी शुरुआत 1 दिसंबर 2018 को हुई थी. इसकी पहली किस्त 24 फरवरी 2019 को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से जारी की गई थी.
- सालाना मदद: इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल कुल ₹6,000 की आर्थिक मदद दी जाती है.
- किस्त का तरीका: यह रकम ₹2,000 की तीन बराबर किस्तों में, हर चार महीने के अंतराल पर सीधे किसानों के बैंक खातों में ‘डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर’ (DBT) के जरिए भेजी जाती है.
घर बैठे ऐसे चेक करें अपना ‘बेनिफिशियरी स्टेटस’
अगर आप यह जानना चाहते हैं कि लाभार्थियों की नई लिस्ट में आपका नाम है या नहीं, तो इन आसान स्टेप्स को फॉलो करें.
- पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट (pmkisan.gov.in) पर जाएं.
- होमपेज पर दिए गए “Know Your Status” (अपनी स्थिति जानें) वाले विकल्प पर क्लिक करें.
- अपना रजिस्ट्रेशन नंबर डालें.
- स्क्रीन पर दिख रहा कैप्चा कोड भरकर सबमिट करें.
- आपके भुगतान और पात्रता की पूरी जानकारी स्क्रीन पर आ जाएगी.
- मदद के लिए हेल्पलाइन: यदि स्टेटस चेक करने में कोई परेशानी आए, तो आप सरकारी हेल्पलाइन नंबर 155261 या 011-24300606 पर कॉल करके सहायता ले सकते हैं.
नई पात्रता के लिए आवेदन करने का आसान तरीका
जो किसान इस योजना से नए जुड़ना चाहते हैं, वे वेबसाइट पर जाकर खुद रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं.
- आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर “New Farmer Registration” के विकल्प को चुनें.
- अपना पहचान विवरण [विवरण सुरक्षित] और कैप्चा कोड दर्ज करके आगे बढ़ें.
- मांगी गई अपनी निजी जानकारी और खेती की जमीन से जुड़े कागजात की डिटेल्स भरें.
- फॉर्म को अच्छी तरह रीचेक करने के बाद फाइनल सबमिट कर दें और उसकी एक कॉपी अपने पास सुरक्षित रख लें.
योजना के नाम पर हो सकती है ठगी
पिछले कुछ समय से सरकारी योजनाओं के नाम पर साइबर धोखाधड़ी के मामले तेजी से बढ़े हैं. किसानों को सलाह दी जाती है कि वे पीएम किसान योजना से जुड़े किसी भी अनजान मैसेज, लॉटरी के झांसे या संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें. सरकार कभी भी फोन पर आपसे बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी (OTP) या पासवर्ड नहीं मांगती. किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक सरकारी स्रोतों पर ही भरोसा करें.
Also Read : 8th Pay Commission: DA, DR या फिटमेंट फैक्टर, आखिर सैलरी बढ़ाने में किसका रोल है सबसे बड़ा?
