Pakistan Petrol-Diesel Price Cut : आर्थिक तंगहाली और ईंधन संकट से जूझ रहे पाकिस्तान से वहां के नागरिकों के लिए एक राहत भरी खबर आई है. शहबाज शरीफ सरकार ने पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमतों में कटौती करने का फैसला किया है.
सरकार के नए एलान के मुताबिक, पेट्रोल के दाम में 4 रुपये (पाकिस्तानी रुपया) और डीजल के दाम में 2 रुपये प्रति लीटर की कमी की गई है.
इस कटौती के बाद पाकिस्तान में अब एक लीटर पेट्रोल की कीमत 373.78 रुपये और डीजल की कीमत 378.78 रुपये प्रति लीटर हो गई है. ये नई दरें आज यानी शनिवार से पूरे देश में प्रभावी हो चुकी हैं.
कहां कितना महंगा है तेल ?
अगर भारतीय करेंसी (INR) के मुकाबले पाकिस्तानी रुपये (PKR) की वैल्यू को समझें, तो दोनों देशों में तेल की कीमतों का अंतर कुछ इस तरह है.
| ईंधन का प्रकार | भारत में कीमत (औसत) | पाकिस्तान में कीमत (वहां की करेंसी में) | भारतीय रुपये में कीमत (अनुमानित वैल्यू) |
| पेट्रोल | ₹102.12 लीटर | 373.78 PKR | ₹127.71 लीटर |
| डीजल | ₹95.20 लीटर | 378.78 PKR | ₹129.42 लीटर |
5 हफ्तों में ₹41 तक कम हुए दाम
पाकिस्तानी उपभोक्ताओं के लिए राहत का यह सिलसिला पिछले एक महीने से चल रहा है. पिछले पांच हफ्तों के आंकड़ों को देखें तो पेट्रोल की कीमतों में कुल मिलाकर 41 रुपये प्रति लीटर तक की गिरावट आ चुकी है. इससे ठीक एक हफ्ते पहले भी सरकार ने पेट्रोल के दाम 4 रुपये घटाए थे, हालांकि तब डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया था.
सस्ता होने के बावजूद टैक्स का भारी बोझ
भले ही कीमतें कुछ कम हुई हैं, लेकिन पाकिस्तान की जनता को अब भी तेल पर भारी-भरकम टैक्स चुकाना पड़ रहा है. सरकार पेट्रोल-डीजल की मूल कीमत पर कई तरह के टैक्स वसूल रही है:
- पेट्रोल पर टैक्स: एक लीटर पेट्रोल पर वहां की जनता करीब 125 रुपये का टैक्स दे रही है. इसमें पेट्रोलियम लेवी, कस्टम ड्यूटी और क्लाइमेट लेवी जैसी फीस शामिल हैं.
- डीजल पर टैक्स: प्रति लीटर डीजल पर करीब 100 रुपये का टैक्स वसूला जा रहा है, जिसमें कस्टम ड्यूटी के साथ-साथ इनलैंड फ्रेड इक्वलाइजेशन मार्जिन (IFEM) भी शामिल है.
साप्ताहिक समीक्षा और युद्ध का असर
पाकिस्तान में अब पेट्रोल-डीजल की कीमतें हर हफ्ते शुक्रवार की रात को तय की जा रही हैं. दरअसल, इस साल 28 फरवरी से अमेरिका और ईरान के बीच छिड़े युद्ध के बाद से ही वैश्विक स्तर पर तेल की सप्लाई चेन प्रभावित हुई है. इसी संकट से निपटने के लिए पाकिस्तान सरकार लगातार कीमतों की समीक्षा कर रही है ताकि देश में ईंधन की कमी न होने पाए.
Also Read : सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट, ऑल-टाइम हाई से ₹28,000 सस्ता हुआ सोना
