Ladli Behna Yojana: आज जारी होगी 39वीं किस्त, खाते में आएंगे 1750 रुपये

मध्य प्रदेश की 1.25 करोड़ से ज़्यादा महिलाओं के लिए खुशखबरी है. मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त आज, 19 अगस्त को जारी होगी. इस बार हर पात्र महिला को 1750 रुपये मिलेंगे, जिसमें रक्षाबंधन की विशेष सहायता भी शामिल है.

Ladli Behna Yojana: मध्य प्रदेश की 1.25 करोड़ से ज्यादा महिलाओं के लिए खुशी की खबर है. मुख्यमंत्री मोहन यादव बुधवार (19 अगस्त) को मैहर में आयोजित कार्यक्रम से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त जारी करेंगे. इस दौरान पात्र महिलाओं के बैंक खातों में कुल 2,148 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की जाएगी.

हर लाड़ली बहना को मिलेंगे 1,750 रुपये

योजना की 39वीं किस्त के तहत प्रत्येक पात्र महिला को मासिक सहायता के रूप में 1,500 रुपये दिए जाएंगे. इस मद में सरकार 1,835.46 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि ट्रांसफर करेगी. इसके अलावा रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं को 250 रुपये की विशेष सहायता भी दी जाएगी. इस अतिरिक्त राशि पर सरकार 312.83 करोड़ रुपये से अधिक खर्च करेगी. इस तरह नियमित किस्त और रक्षाबंधन की विशेष सहायता मिलाकर प्रत्येक पात्र लाड़ली बहना के बैंक खाते में कुल 1,750 रुपये DBT के जरिए भेजे जाएंगे.

1.25 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को मिलेगा लाभ

राज्य सरकार के मुताबिक मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त का लाभ प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक पात्र महिलाओं को मिलेगा. सरकार इस बार नियमित और विशेष सहायता मिलाकर कुल 2,148 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि महिलाओं के खातों में ट्रांसफर करेगी.

अब तक 63,248 करोड़ रुपये किए जा चुके ट्रांसफर

आधिकारिक जानकारी के अनुसार जून 2023 में लाड़ली बहना योजना शुरू होने के बाद से 39 किस्तों के माध्यम से लाभार्थी महिलाओं के खातों में कुल 63,248 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जा चुके हैं. योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और परिवार में उनकी भूमिका को और सशक्त करने के उद्देश्य से हर महीने आर्थिक सहायता दी जाती है.

2026-27 के बजट में 23,882.81 करोड़ रुपये का प्रावधान

मध्य प्रदेश सरकार ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है. योजना का उद्देश्य महिलाओं पैसों से मदद, उनके स्वास्थ्य और पोषण की स्थिति में सुधार लाना और घरेलू जरूरतों को पूरा करना है.

2030-31 तक योजना जारी रखने के लिए 1,14,365 करोड़ रुपये मंजूर

मध्य प्रदेश कैबिनेट ने मंगलवार को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना को वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने के लिए 1,14,365 करोड़ रुपये की मंजूरी भी दी है. योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की राशि सीधे DBT से जुड़े बैंक खातों में भेजी जाती है.

मैहर को 256 करोड़ रुपये के विकास योजनाओं की सौगात

लाड़ली बहना योजना की राशि जारी करने के साथ मुख्यमंत्री मोहन यादव मैहर जिले में विकास योजनाओं की भी सौगात देंगे. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री करीब 256 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे. राज्यस्तरीय कार्यक्रम मैहर में आयोजित किया जाएगा, जहां से मुख्यमंत्री एक साथ प्रदेश की पात्र लाड़ली बहनों के बैंक खातों में राशि ट्रांसफर करेंगे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रीतीश सहाय

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >