IRCTC News : आज से फिर पटरी पर दौड़ेंगी ट्रेनें, 3 घंटे में ही 54,000 से अधिक यात्रियों ने कराया रिजर्वेशन

भारतीय रेल ने 12 मई से चरणबद्ध तरीके से यात्री ट्रेन सेवाएं शुरू करने का फैसला किया है, जो शुरुआत में चुनिंदा मार्गों पर 15 जोड़ी ट्रेनें (अप-एंड-डाउन मिलाकर 30 ट्रेनें) चलायी जाएंगी. इन ट्रेनों में आरक्षण के लिए बुकिंग 11 मई शाम चार बजे से शुरू भी हो गयी, लेकिन बुकिंग के कुछ ही देर बाद IRCTC की वेबसाइट ठप हो गयी. लोगों को टिकट बुक कराने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा.

नयी दिल्ली : IRCTC ने अपनी वेबसाइट पर सोमवार शाम छह बजे के बाद, 12 मई से चलने वाली विशेष ट्रेनों के लिए बुकिंग शुरू की और हावड़ा-नयी दिल्ली मार्ग की ट्रेन के एसी-1 और एसी-3 की सभी टिकटें 10 मिनट के भीतर बिक गईं. वहीं 9:15 बजे तक लगभग 30,000 PNR जनरेट किए गए और 54,000 से अधिक यात्रियों को रिजर्वेशन जारी किया गया. यह जानकारी भारतीय रेलवे अधिकारी ने दी.

टिकटों की बुकिंग पहले शाम चार बजे से शुरू होनी थी, लेकिन कुछ तकनीकी दिक्कत के कारण उसमें देरी हुई. शाम करीब पौने पांच बजे आईआरसीटीसी ने सूचित किया कि बुकिंग शाम छह बजे से शुरू होगी. IRCTC से जुड़ी हर Live Hindi News से अपडेट के लिए बने रहें हमारे साथ.

Also Read: सफर के दौरान अब चादर-तौलिया नहीं देगी IRCTC, यहां देखिए ट्रेनों का टाइम-टेबल

हावड़ा-नयी दिल्ली ट्रेन मंगलवार को हावड़ा से शाम पांच बजकर पांच मिनट पर रवाना होने वाली है. वेबसाइट पर टिकट उपलब्धता जांचने पर पता चला कि भुवनेश्वर-नयी दिल्ली विशेष ट्रेन के एसी-1 और एसी-3 की टिकटें भी शाम साढ़े छह बजे तक बिक चुकी थीं.

भारतीय रेल ने 12 मई से चरणबद्ध तरीके से यात्री ट्रेन सेवाएं शुरू कर रही हैं शुरुआत में चुनिंदा मार्गों पर 15 जोड़ी ट्रेनें (अप-एंड-डाउन मिलाकर 30 ट्रेनें) चलायेगी. विशेष ट्रेनें नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन से चलेंगी और डिब्रूगढ़, अगरतला, हावड़ा, पटना, बिलासपुर, रांची, भुवनेश्वर, सिकंदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, तिरुवनंतपुरम, मडगांव, मुंबई सेंट्रल, अहमदाबाद और जम्मू-तवी को जाएंगी.

Also Read: Indian Railways News: कल से चलने वाली ट्रेनों का किराया, कैंसिलेशन, सुविधाएं और सावधानियों की हर जानकारी यहां

बुकिंग में देरी पर आईआरसीटीसी ने स्पष्टीकरण देते हुए शाम करीब पौने पांच बजे ट्वीट किया, विशेष ट्रेनें (डेटा) अपलोड की जा रही हैं. बुकिंग जल्दी शुरू होगी. इससे पहले सूत्रों ने कहा, वेबसाइट क्रेश नहीं हुई है, बल्कि डेटा अपलोड किया जा रहा है. उन्होंने यात्रियों से प्रतीक्षा करने का अनुरोध किया था.

यात्रियों को रेल प्रस्थान करने से कम से कम एक घंटा पहले रेलवे स्टेशन पहुंचना होगा

रेलवे ने कहा कि इन ट्रेनों में सीटें आरक्षित कराने वाले यात्रियों को प्रस्थान के समय से कम से कम एक घंटा पहले रेलवे स्टेशन पहुंचना होगा. भारतीय रेल ने कहा कि शुरुआत में सभी 15 राजधानी ट्रेनों के मार्गों पर वातानुकुलित सेवाएं शुरु होंगी और उनका किराया सुपर-फास्ट ट्रेनों के समान होगा.

ये विशेष ट्रेनें नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन से चलेंगी और डिब्रूगढ़, अगरतला, हावड़ा, पटना, बिलासपुर, रांची, भुवनेश्वर, सिकंदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, तिरुवनंतपुरम, मडगांव, मुंबई सेंट्रल, अहमदाबाद और जम्मू-तवी को जाएंगी.

अधिकारी ने बताया कि श्रमिक ट्रेनों से उलट इन ट्रेनों के डिब्बों में सभी 72 सीटों पर बुकिंग होगी और इनके किराए में किसी भी प्रकार की छूट की संभावना भी नहीं है. गौरतलब है कि श्रमिक स्पेशल ट्रेनों में एक डिब्बे में अधिकतम 54 यात्रियों को यात्रा करने की अनुमति है.

बुकिंग सिर्फ आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर

कोविड-19 राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के कारण 25 मार्च से ही सभी यात्री ट्रेन सेवाएं बंद हैं. बुकिंग सिर्फ आईआरसीटीसी की वेबसाइट के जरिए की जा सकेगी. अधिकारियों ने बताया कि आरक्षण के दौरान प्राप्त टिकटों पर ‘क्या करें और क्या ना करें’स्पष्ट रूप से लिखा होगा.

उसमें दिशा-निर्देश भी शामिल होंगे, जैसे- कम से कम एक घंटा पहले रेलवे स्टेशन पहुंचना, प्रस्थान बिंदु पर मेडिकल जांच, कोरोना वायरस संक्रमण से जुड़े अन्य प्रोटोकॉल, मास्क का अनिवार्य रूप से उपयोग तथा आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करना आदि.

सिर्फ वैध आरक्षित टिकटधारकों को रेलवे स्टेशन में प्रवेश की अनुमति होगी. उसने कहा कि यात्रियों के लिए प्रस्थान बिंदु पर मास्क पहनना और स्वास्थ्य जांच अनिवार्य होगी, सिर्फ उन्हीं लोगों को ट्रेन में चढ़ने की अनुमति होगी जिनमें वायरस से संक्रमण के कोई लक्षण नजर नहीं आएंगे.

अधिकारियों ने बताया कि यात्रा के दौरान ट्रेन बेहद कम स्टेशनों पर रुकेगी. अधिकारियों ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण फैलने से रोकने के लिए इन ट्रेनों में यात्रा करने वालों को कंबल, चादर और तौलिया आदि नहीं दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि इन ट्रेनों में वातानुकूलन के लिए विशेष नियम होंगे, तापमान सामान्य दिनों के मुकाबले थोड़ा ज्यादा रखा जाएगा और डिब्बों के भीतर ज्यादा से ज्यादा ताजा हवा की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी.

भारतीय रेल का कहना है कि इन 15 जोड़ी ट्रेनों के बाद वह अन्य मार्गों पर भी विशेष ट्रेनें चलाएगी. उसका कहना है कि 20,000 डिब्बे कोविड-19 देखभाल केन्द्र के रूप में आरक्षित करने और प्रवासी श्रमिकों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रोजाना करीब 300 ‘श्रमिक स्पेशल’ ट्रेनें चलाने के लिए डिब्बे आरक्षित रखने के बाद कोचों की उपलब्धता के आधार पर अन्य मार्गों पर यात्री सेवाएं बहाल की जाएंगी.

भारतीय रेल ने कहा कि स्टेशनों पर टिकट बुकिंग खिड़की बंद रहेगी, प्लेटफॉर्म टिकट सहित कोई काउंटर टिकट जारी नहीं होगा. यह पूछने पर कि 17 मई को लॉकडाउन समाप्त होने पर यात्री ट्रेन सेवाओं की क्या स्थिति रहेगी, अधिकारियों ने कहा कि इसके बावजूद सेवाएं चरणबद्ध तरीके से शुरू की जाएंगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Agency

Published by: Prabhat Khabar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >