Indian Stock Market 19 March 2026: आज शेयर बाजार खुलते ही इन्वेस्टर्स के चेहरे उतर गए. सेंसेक्स और निफ्टी में ऐसी गिरावट आई जिसे ‘ब्लडबाथ’ कहा जा रहा है. सेंसेक्स करीब 1,953 पॉइंट टूटकर 74,750 पर आ गया, वहीं निफ्टी भी 580 पॉइंट फिसलकर 23,197 पर खुला. आखिर रातों-रात ऐसा क्या हुआ कि बाजार लाल निशान में डूब गया? आइए समझते हैं.
आखिर बाजार में अचानक क्या हुआ?
इस गिरावट के पीछे सबसे बड़ी वजह मिडिल ईस्ट में छिड़ी जंग है. ईरान और कतर के बड़े गैस और एनर्जी प्लांट पर हमलों की खबर ने पूरी दुनिया को डरा दिया है. सबको डर है कि अगर एनर्जी सप्लाई रुकी, तो पूरी दुनिया में तेल और गैस का संकट खड़ा हो जाएगा. इसी वजह से कच्चा तेल 112 डॉलर के पार पहुंच गया है.
किन सेक्टरों में सबसे ज्यादा गिरावट है?
बाजार में हर तरफ बिकवाली का माहौल है. सबसे ज्यादा मार प्राइवेट बैंकों पर पड़ी है, जो 3.41% तक गिर गए. ऑटो, मेटल और आईटी सेक्टर में भी भारी गिरावट देखी गई. सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि जापान, हांगकांग और अमेरिका के बाजार भी लाल निशान में डूबे हुए हैं.
क्या सोने-चांदी के दाम भी गिरे?
हैरानी की बात यह है कि इस उथल-पुथल के बीच कमोडिटी मार्केट में भी सुस्ती है. 24 कैरेट सोना गिरकर 1,52,026 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है, वहीं चांदी भी 2,44,756 रुपये प्रति किलो के स्तर पर देखी जा रही है.
ये भी पढ़ें: क्या आज शेयर बाजार खुला है? जानें गुड़ी पड़वा पर NSE-BSE के ट्रेडिंग ऑवर्स
