Indian Stock Market 6 March 2026: शुक्रवार की सुबह भारतीय शेयर बाजार के लिए अच्छी नहीं रही है. बाजार खुलते ही बियर्स (मंदी लाने वाले) हावी नजर आए और दोनों इंडेक्स निफ्टी और सेंसेक्स लाल निशान में खुले है. इससे निवेशकों के बीच बढ़ते कच्चे तेल के दामों को लेकर चिंता साफ देखी जा सकती है.
बाजार की शुरुआत कैसी रही?
ANI के रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को निफ्टी 50 इंडेक्स 109.50 अंक गिरकर 24,656.40 पर खुला है. वहीं, बीएसई सेंसेक्स में भी 356.91 अंकों की गिरावट देखी गई और यह 79,658.99 के स्तर पर आ गया है. बाजार की इस सुस्त चाल के पीछे मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी बिकवाली का दबाव बना रहा है.
कच्चा तेल क्यों बना है विलेन?
एक्सपर्ट्स का मानना है कि ग्लोबल मार्केट में जारी तनाव की वजह से कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतें बढ़ रही हैं. जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के वीके विजयकुमार के अनुसार, जब तक ब्रेंट क्रूड 85 डॉलर के आसपास है, तब तक बाजार संभला रह सकता है. लेकिन अगर यह 90 डॉलर से 100 डॉलर के पार गया, तो घरेलू और वैश्विक बाजारों पर बड़ा असर पड़ सकता है.
किन सेक्टर्स पर पड़ी मार?
बाजार खुलते ही ऑटो, एफएमसीजी (FMCG), आईटी और मेटल जैसे लगभग सभी प्रमुख सेक्टर घाटे में दिखे है. सबसे ज्यादा गिरावट प्राइवेट बैंकों में देखी गई, जो करीब 0.78% नीचे गिर गए है. वहीं, सोने की कीमतें भी आसमान छू रही हैं, जिससे निवेशकों की सुरक्षित निवेश की ओर झुकाव बढ़ा है.
आगे क्या होगा?
कोटक सिक्योरिटीज के श्रीकांत चौहान के मुताबिक, निफ्टी के लिए 24,500 एक अहम सपोर्ट लेवल है. अगर बाजार इससे ऊपर बना रहता है, तो रिकवरी की उम्मीद है. लेकिन अगर गिरावट बढ़ी, तो निफ्टी 24,300 के स्तर तक भी जा सकता है. निवेशकों को फिलहाल ग्लोबल हालातों और तेल की कीमतों पर कड़ी नजर रखनी चाहिए.
ये भी पढ़ें: मिडिल ईस्ट तनाव के बीच सोना-चांदी सस्ता, जानें 6 मार्च के ताजा भाव
