रानी लक्ष्मीबाई योजना में इन छात्राओं को मिलेगी फ्री स्कूटी, जानें पूरी प्रक्रिया

Rani Laxmi Bai Scooty Yojana: उत्तर प्रदेश की मेधावी बेटियों के लिए योगी सरकार ने रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना शुरू की है. इसके तहत ग्रेजुएशन और पीजी कर रही पात्र छात्राओं को मुफ्त स्कूटी दी जाएगी. इसका उद्देश्य उच्च शिक्षा को सुगम बनाना और आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाना है.

Rani Laxmi Bai Scooty Yojana: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार राज्य के लोगों की मदद के लिए नई-नई योजनाएं लाती रहती है. इसी कड़ी में, होनहार बेटियों की पढ़ाई को आसान बनाने के लिए रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना शुरू की गई है. इस योजना का मकसद उन लड़कियों की मदद करना है जो कॉलेज या यूनिवर्सिटी जाकर अपनी उच्च शिक्षा पूरी करना चाहती हैं.

शिक्षा के सफर में अब नहीं आएगी रुकावट

अक्सर देखा गया है कि कॉलेज या यूनिवर्सिटी घर से दूर होने के कारण छात्राओं को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. इस योजना का मुख्य लक्ष्य बेटियों के आत्मविश्वास को बढ़ाना और उनके आवागमन को सुगम बनाना है. सरकार की यह कोशिश है कि संसाधनों की कमी के चलते किसी भी होनहार बेटी की पढ़ाई बीच में न छूटे. विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं के लिए यह योजना किसी वरदान से कम नहीं है.

किन्हें मिलेगा इस योजना का तोहफा?

स्कूटी पाने के लिए सरकार ने कुछ शर्तें तय किए हैं:

  • आवेदन करने वाली छात्रा का उत्तर प्रदेश का स्थायी निवासी होना जरूरी है.
  • छात्रा स्नातक (Graduation) या परास्नातक (Post Graduation) स्तर की पढ़ाई कर रही हो.
  • यह लाभ केवल मेधावी छात्राओं को ही दिया जाएगा, यानी आपके पिछले कक्षा के अंक अच्छे होने चाहिए.
  • परिवार की सालाना कमाई 2.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए. यह सीमा इसलिए रखी गई है ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की बेटियों को प्राथमिकता मिल सके.

जरूरी कागजात जो आपके पास होने चाहिए

आवेदन के दौरान आपको निम्नलिखित दस्तावेजों की आवश्यकता होगी:

  • आधार कार्ड और निवास प्रमाण पत्र.
  • पिछली कक्षा की मार्कशीट.
  • कॉलेज का पहचान पत्र (ID Card).
  • पासपोर्ट साइज फोटो और बैंक पासबुक की फोटोकॉपी.

डिजिटल आवेदन: घर बैठे करें अप्लाई

इस योजना का लाभ उठाने की प्रक्रिया को बेहद सरल और ऑनलाइन रखा गया है:

  • इच्छुक छात्राओं को उच्च शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा.
  • वहां अपनी सभी व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी सावधानीपूर्वक भरें.
  • मांगे गए दस्तावेजों को स्कैन करके अपलोड करें.
  • आवेदन जमा होने के बाद विभाग द्वारा इसकी बारीकी से जांच की जाएगी.
  • चयन होने पर छात्राओं को उनके जिले के नोडल सेंटर के माध्यम से सूचित किया जाएगा, जहां उन्हें स्कूटी प्रदान की जाएगी.

Also Read: भारत में डेटा की तरह अब एआई भी होगी सस्ती, रिलायंस 10 लाख करोड़ रुपए करेगी इन्वेस्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anshuman Parashar

अंशुमान पराशर पिछले दो वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के लिए बिजनेस की लेटेस्ट खबरों पर काम कर रहे हैं. इसे पहले बिहार की राजनीति, अपराध पर भी इन्होंने खबरें लिखी हैं. बिहार विधान सभा चुनाव 2025 में इन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और विस्तृत राजनीतिक कवरेज किया है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >