Indian Stock Market 20 February 2026: शुक्रवार की सुबह भारतीय शेयर बाजार के लिए अच्छी नहीं रही है. ग्लोबल मार्केट में मची हलचल और ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव ने दलाल स्ट्रीट का मूड बिगाड़ दिया है. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का Sensex करीब 225 अंक गिरकर 82,272 पर खुला, वहीं Nifty 50 में भी गिरावट दर्ज की गई है.
Indian Stock Market: क्या ईरान-अमेरिका तनाव है गिरावट की बड़ी वजह?
ANI की रिपोर्ट के अनुसार, बाजार के जानकारों का मानना है कि इस गिरावट के पीछे सबसे बड़ा कारण जियोपॉलिटिकल तनाव है. अमेरिका और ईरान के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. ट्रंप की चेतावनी और ईरान के कड़े रुख ने निवेशकों को डरा दिया है. जब भी दुनिया में युद्ध जैसी स्थिति बनती है, निवेशक अपना पैसा सुरक्षित जगहों पर लगाने लगते हैं, जिससे शेयर बाजार में बिकवाली बढ़ जाती है.
Indian Stock Market: क्या पेट्रोल-डीजल के दाम फिर बढ़ेंगे?
मिडल-ईस्ट में तनाव का सीधा असर कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों पर पड़ा है. ब्रेंट क्रूड 71 डॉलर के पार निकल गया है. भारत अपनी जरूरत का ज्यादातर तेल आयात करता है, इसलिए कच्चे तेल का महंगा होना हमारी इकोनॉमी और शेयर बाजार के लिए बुरी खबर है. यही वजह है कि आज बाजार में चौतरफा लाल निशान नजर आ रहा है.
सोना-चांदी क्यों हो रहे हैं महंगे?
जब शेयर बाजार में अनिश्चितता होती है, तब लोग सोने और चांदी में निवेश करना पसंद करते हैं. यही कारण है कि आज बाजार गिरने के बावजूद सोने की कीमतें 1,55,277 रुपये (प्रति 10 ग्राम) के स्तर पर मजबूती से टिकी हुई हैं. चांदी में भी 1% से ज्यादा की तेजी देखी गई है.
अब निवेशकों को क्या करना चाहिए?
एक्सपर्ट्स का कहना है कि अभी वेट एंड वॉच की स्थिति है. अगर अमेरिका और ईरान के बीच मामला शांत होता है, तो बाजार फिर से रिकवरी कर सकता है. भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती और कंपनियों के अच्छे नतीजे अभी भी एक पॉजिटिव संकेत हैं. इसलिए छोटे निवेशकों को घबराहट में जल्दबाजी में फैसले नहीं लेने चाहिए.
ये भी पढ़ें: आज सोने-चांदी के भाव में आया बदलाव, जानिए अपने शहर के दाम
