Share Market Holiday 19 February: अगर आप आज शेयर बाजार में पैसा लगाने की सोच रहे हैं, तो आपके लिए एक जरूरी अपडेट है. आज, 19 फरवरी को छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती के मौके पर बाजार में सेटलमेंट हॉलिडे है. लेकिन घबराइए मत, इसका मतलब यह नहीं है कि मार्केट बंद है. आज आप हमेशा की तरह शेयर खरीद और बेच सकेंगे, बस पैसों और शेयर्स का लेन-देन (Settlement) आज नहीं होगा.
सेटलमेंट हॉलिडे क्या है और यह नॉर्मल छुट्टी से कैसे अलग है?
साधारण शब्दों में कहें तो, स्टॉक मार्केट हॉलिडे पर ट्रेडिंग पूरी तरह बंद रहती है. लेकिन सेटलमेंट हॉलिडे पर ट्रेडिंग तो चलती है, पर बैंकों या डिपॉजिटरी की छुट्टी होने के कारण शेयरों का फाइनल ट्रांसफर रुक जाता है. चूंकि भारत में अब T+1 सेटलमेंट (ट्रेड के अगले दिन सेटलमेंट) चलता है, इसलिए आज होने वाले काम का फाइनल हिसाब-किताब अगले वर्किंग डे पर शिफ्ट हो जाएगा.
आपके खाते और मुनाफे पर क्या असर पड़ेगा?
सेटलमेंट रुकने की वजह से आपके ट्रेडिंग अकाउंट पर कुछ असर दिख सकते हैं. जो नीचे दिए गये है:
- पुराना मुनाफा नहीं दिखेगा: 18 फरवरी को किए गए ट्रेड का इंट्राडे प्रॉफिट या F&O का पैसा आज आपके बैलेंस में नहीं जुड़ेगा.
- पैसा निकालने में देरी: अगर आपने 18 या 19 फरवरी को कोई प्रॉफिट कमाया है, तो उसे आप 20 फरवरी की शाम के बाद ही निकाल पाएंगे.
- कमोडिटी प्रॉफिट: कमोडिटी मार्केट से जुड़ा मुनाफा भी आज आपके फंड स्टेटमेंट में अपडेट नहीं होगा.
आज ट्रेडिंग के लिए जरूरी नियम क्या हैं?
आज के दिन ट्रेडिंग करते समय इन खास बातों का ध्यान रखें:
- करेंसी मार्केट बंद: आज करेंसी सेगमेंट और ऑक्शन मार्केट में कोई काम नहीं होगा.
- BTST पर रोक: अगर आपने MTF या T2T कैटेगरी के शेयर 18 या 19 फरवरी को खरीदे हैं, तो उन्हें आज नहीं बेच पाएंगे. उन्हें आप सीधा 20 फरवरी को ही बेच सकते हैं.
अगली छुट्टी कब है?
कल से बाजार फिर से सामान्य हो जाएगा. इसके बाद अगली बड़ी छुट्टी 3 मार्च को होली के अवसर पर होगी.
ये भी पढ़ें: सोने-चांदी के भाव में आज मामूली बदलाव, जानें अपने शहर के लेटेस्ट रेट्स
