HDFC UPI ATM New Rules 2026: अगर आप HDFC बैंक के ग्राहक हैं और ATM से बिना कार्ड (UPI) के पैसे निकालना पसंद करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है. बैंक ने अपने नियमों में एक बड़ा बदलाव किया है जो 1 अप्रैल 2026 से लागू होने जा रहा है. अब आपकी हर स्कैन और विड्रॉ वाली ट्रांजैक्शन आपकी मंथली लिमिट में गिनी जाएगी.
क्या है नया बदलाव?
अब तक कई लोग यह समझते थे कि कार्ड से पैसे निकालना और UPI के जरिए ATM से पैसे निकालना अलग-अलग हैं. लेकिन अब HDFC बैंक ने साफ कर दिया है कि चाहे आप डेबिट कार्ड इस्तेमाल करें या UPI QR कोड, दोनों को एक ही फ्री लिमिट में गिना जाएगा. यानी अब UPI से कैश निकालना अलग से फ्री नहीं होगा.
फ्री लिमिट खत्म होने पर कितना लगेगा चार्ज?
HDFC बैंक के नियम के मुताबिक, अगर आप अपनी तय सीमा (Free Limit) से ज्यादा बार पैसे निकालते हैं, तो आपको हर बार 23 रुपये प्लस टैक्स देना होगा. बैंक का कहना है कि वे सभी तरह के कैश विड्रॉल के लिए एक जैसा नियम बनाना चाहते हैं ताकि ग्राहकों को चार्जेस समझने में आसानी हो.
आपको महीने में कितनी फ्री ट्रांजैक्शन मिलेंगी?
बैंक ने अपनी फ्री लिमिट को इस तरह बांटा है:
- HDFC ATM पर: महीने में 5 बार पैसे निकालना फ्री है.
- दूसरे बैंक के ATM (मेट्रो शहर): दिल्ली, मुंबई जैसे 6 बड़े शहरों में केवल 3 ट्रांजैक्शन फ्री हैं.
- अन्य शहर: बाकी जगहों पर दूसरे बैंक के ATM से 5 बार फ्री में पैसे निकाल सकते हैं.
बिना कार्ड पैसे निकालना क्यों है पॉपुलर?
UPI कैश विड्रॉल की सुविधा उन लोगों के लिए वरदान है जो अक्सर अपना वॉलेट घर भूल जाते हैं. इसमें बस ATM स्क्रीन पर दिख रहे QR कोड को स्कैन करना होता है और आपके फोन के मदद से ही पैसे निकल आते हैं. हालांकि यह सुविधा सुरक्षित और आसान है, लेकिन अब आपको अपनी ट्रांजैक्शन की गिनती पर ध्यान देना होगा ताकि फालतू चार्ज न कटे.
