Crude Oil Price: दुनिया भर की अर्थव्यवस्थाओं के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर आई है. ईरान ने अपने रणनीतिक जलमार्ग ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ (Strait of Hormuz) को कमर्शियल जहाजों के लिए पूरी तरह से खोलने का ऐलान कर दिया है. इस फैसले के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में 13 डॉलर की भारी गिरावट आई है.
दामों में बड़ा फेरबदल
- शुक्रवार का भाव: $86 प्रति बैरल (लगभग 13% की गिरावट).
- एक दिन पहले: $99.39 प्रति बैरल.
- जंग का असर: 9 मार्च को यही तेल $120 तक पहुंच गया था.
क्यों खुला यह रास्ता ?
ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने पुष्टि की है कि इजराइल और लेबनान के बीच हुए 10 दिनों के युद्धविराम के बाद यह कदम उठाया गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी इस पर खुशी जाहिर करते हुए कहा है कि ईरान अब इस रास्ते को कभी बंद नहीं करेगा और इसे दुनिया के खिलाफ हथियार की तरह इस्तेमाल नहीं किया जाएगा.
कच्चा तेल सस्ता होने से भारत को क्या मिलेंगे 5 बड़े फायदे?
भारत अपनी जरूरत का करीब 85% तेल आयात करता है. ऐसे में तेल की कीमतें गिरने का सीधा असर आपकी जेब और देश की तिजोरी पर पड़ता है:
- पेट्रोल-डीजल के दाम: तेल कंपनियों (IOC, BPCL, HPCL) पर बढ़ती लागत का दबाव कम होगा. इससे पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने की आशंका खत्म हो गई है और आने वाले समय में कटौती की उम्मीद भी जगी है.
- सस्ती होगी थाली (महंगाई में राहत): डीजल के दाम स्थिर रहने से फल, सब्जी और अनाज को एक शहर से दूसरे शहर ले जाने का खर्च (ट्रांसपोर्टेशन) नहीं बढ़ेगा. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, तेल $10 सस्ता होने पर महंगाई में 0.5% तक की राहत मिल सकती है.
- रुपया होगा मजबूत: तेल का बिल कम होने से भारत को कम डॉलर खर्च करने पड़ेंगे. इससे विदेशी मुद्रा भंडार बचेगा और डॉलर के मुकाबले रुपया और ताकतवर होगा.
- CAD में सुधार: देश का करंट अकाउंट डेफिसिट (CAD) कम होगा. कच्चे तेल में $10 की कमी से भारत को करीब 9-10 बिलियन डॉलर की बचत होती है.
- शेयर बाजार में रौनक: तेल सस्ता होने से कंपनियों की लागत घटती है और मुनाफा बढ़ता है. यही वजह है कि आज अमेरिकी बाजार (डाउ जोन्स) करीब 1,000 अंक उछल गया.
होर्मुज रूट क्यों है इतना खास ?
दुनिया का लगभग 20% तेल और गैस इसी पतले समुद्री रास्ते से होकर गुजरता है. जब ईरान ने इसे बंद किया था, तब न केवल तेल बल्कि दवाइयां, प्लास्टिक और फर्टिलाइजर भी महंगे हो गए थे. अब इसके खुलने से ग्लोबल सप्लाई चेन में आ रही रुकावटें दूर होंगी.
Also Read: मुंबई में पेट्रोल हुआ सस्ता पर नोएडा में बढ़ गए दाम, देखिए आज की ताजा रेट लिस्ट
