Business News: इंडियन बैंक ने गर्भवती महिला को नौकरी के लिए ‘अस्थायी रूप से अनफिट’ बताया

Business News Today: भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के बाद सार्वजनिक क्षेत्र के इंडियन बैंक ने तीन माह की गर्भवर्ती महिलाओं को बैंक की नौकरी से जुड़ने के लिए ‘अस्थायी रूप से अनफिट’ करार दिया है. देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई ने आवास ऋण पर न्यूनतम ब्याज दर बढ़ाकर 7.55 प्रतिशत कर दी है.

Live Updates
3:43 AM. 16 Jun 22 10:13 PM. 15 Jun

इंडियन बैंक ने गर्भवती महिला को नौकरी के लिए ‘अस्थायी रूप से अनफिट’ बताया

भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के बाद सार्वजनिक क्षेत्र के इंडियन बैंक ने तीन माह की गर्भवर्ती महिलाओं को बैंक की नौकरी से जुड़ने के लिए ‘अस्थायी रूप से अनफिट’ करार दिया है. हालांकि, बैंक के इस कदम की विभिन्न संगठनों ने कड़ी आलोचना की है. बैंक ने हाल में किसी उम्मीदवार को नौकरी में लेने के लिए शारीरिक स्वास्थ्य से संबंधित दिशानिर्देश और मापदंड तय किये हैं. इनके अनुसार, नौकरी के लिए चयनित महिला की डिलिवरी के छह सप्ताह बाद फिर जांच करायी जायेगी और उसके बाद ही उसे नौकरी पर आने की अनुमति दी जायेगी.

3:43 AM. 16 Jun 22 10:13 PM. 15 Jun

एसबीआई ने आवास ऋण पर न्यूनतम ब्याज दर बढ़ाकर 7.55 प्रतिशत की

देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई (भारतीय स्टेट बैंक) ने आवास ऋण पर न्यूनतम ब्याज दर बढ़ाकर 7.55 प्रतिशत कर दी है. नयी दरें बुधवार से लागू हो गयीं हैं. भारतीय रिजर्व बैंक ने पिछले सप्ताह प्रमुख नीतिगत दर रेपो को 0.50 प्रतिशत बढ़ाकर 4.90 प्रतिशत कर दिया है. इसके बाद कई बैंकों ने ऋण पर ब्याज दरों में बढ़ोतरी की है. मई में भी केंद्रीय बैंक ने रेपो दर में ‘अचानक’ 0.40 प्रतिशत की वृद्धि की थी. एसबीआई की वेबसाइट पर उपलब्ध सूचना के अनुसार, बैंक ने अपनी ब्राह्य बेंचमार्क आधारित ऋण दर (ईबीएलआर) को बढ़ाकर न्यूनतम 7.55 प्रतिशत कर दिया है. पहले यह दर 7.05 प्रतिशत थी. बैंक ईबीएलआर के ऊपर ऋण जोखिम प्रीमियम भी जोड़ते हैं. बैंक ने कोष की सीमांत लागत आधारित ऋण दर (एमसीएलआर) को 0.20 प्रतिशत बढ़ाया है, जो 15 जून से लागू है.

3:43 AM. 16 Jun 22 10:13 PM. 15 Jun

पीडब्ल्यूसी ने ओड़िशा में रखा कदम, पांच साल में 10,000 नौकरियां देने का वादा

वैश्विक परामर्श कंपनी प्राइसवाटरहाउसकूपर्स (पीडब्लयूसी) इंडिया ने भारत में अगले पांच साल में 10,000 अतिरिक्त रोजगार के अवसरों के सृजन की घोषणा की है. कंपनी ने ओड़िशा की राजधानी भुवनेश्वर में अपना कार्यालय खोलने के साथ राज्य में पहली बार कदम रखा है. कंपनी की अगले साल राज्य में करीब 500 लोगों को नियुक्त करने की योजना है. कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा कि भुवनेश्वर में नया कार्यालय लचीला, बहु-उपयोग वाली सेवाएं देगा.

3:43 AM. 16 Jun 22 10:13 PM. 15 Jun

सेबी ने कार्वी मामले में बीएसई, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज को नोटिस दिया

पूंजी बाजार नियामक सेबी ने बुधवार को कार्वी स्टॉक ब्रोकिंग लिमिटेड (केएसबीएल) से जुड़े मामले में शेयर बाजारों बीएसई और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज को नोटिस देकर पांच करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान करने को कहा. साथ ही यह आगाह किया है कि अगर 15 दिन के भीतर भुगतान नहीं होता है, तो उनकी संपत्ति और बैंक खातों को कुर्क किया जायेगा. शेयर बाजारों द्वारा उन पर लगाये गये जुर्माने का भुगतान करने में विफल रहने पर सेबी ने यह नोटिस थमाया है.

3:43 AM. 16 Jun 22 10:13 PM. 15 Jun

जीएसटी दरों को युक्तिसंगत बनाने पर मंत्री समूह की बैठक 17 जून को

जीएसटी दरों को युक्तिसंगत बनाने के लिए गठित मंत्रियों की समूह की बैठक 17 जून को होगी. बैठक में कर दरों में संभावित बदलाव पर विचार किया जायेगा. सूत्रों ने कहा कि मंत्री समूह (जीओएम) टैक्स स्लैब में संभावित बदलाव पर विचार कर सकता है. हालांकि, समूह की अंतिम रिपोर्ट में कुछ और समय लगेगा. माल एवं सेवा कर (जीएसटी) परिषद की इस महीने बैठक होगी. बैठक में अन्य बातों के अलावा दरों को युक्तिसंगत बनाने को लेकर जीओएम की अंतरिम रिपोर्ट पर विचार किया जायेगा. जीएसटी परिषद में केंद्र एवं राज्यों के वित्त मंत्री शामिल हैं.

3:43 AM. 16 Jun 22 10:13 PM. 15 Jun

रुपया 78.17 प्रति डॉलर के सर्वकालिक निचले स्तर पर, 13 पैसे टूटा

विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 13 पैसे की गिरावट के साथ अपने नये सर्वकालिक रिकॉर्ड निचले स्तर 78.17 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ. घरेलू शेयर बाजार में निराशाजनक कारोबार तथा विदेशी पूंजी की सतत निकासी के कारण निवेशकों की कारोबारी धारणा प्रभावित होने से यह गिरावट आयी. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया 77.99 के भाव पर खुला. कारोबार के अंत में रुपया अपने पिछले बंद भाव के मुकाबले 13 पैसे की गिरावट के साथ 78.17 प्रति डॉलर रह गया. मंगलवार को रुपया 78.04 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था.

मुख्य बातें

Business News Today: भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के बाद सार्वजनिक क्षेत्र के इंडियन बैंक ने तीन माह की गर्भवर्ती महिलाओं को बैंक की नौकरी से जुड़ने के लिए ‘अस्थायी रूप से अनफिट’ करार दिया है. देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई ने आवास ऋण पर न्यूनतम ब्याज दर बढ़ाकर 7.55 प्रतिशत कर दी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >