Business News Live: बंद होने से पहले बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स 150 अंक ऊपर बंद, NIFTY भी हरा हुआ

Business News Live: ग्लोबल बाजार में मिले-जुले संकेतों के बीच भारतीय बाजार की शुरूआत सुस्त हुई है. एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई हल्की गिरावट के साथ 32300 के पास ट्रेड कर रहा है. जबकि कोरिया कोस्पी इंडेक्स 1 फीसदी की मजबूती के साथ 2600 के स्तर पर पहुंच गया है.

Live Updates
9:17 PM. 9 Aug 23 3:47 PM. 9 Aug

बंद होने से पहले बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स 150 अंक ऊपर बंद, NIFTY भी हरा हुआ

सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन भारतीय बाजार की कमजोर शुरूआत रही. दिन में भी बाजार में कुछ खास कारोबार होता हुआ नहीं दिखा. हालांकि, बाजार बंद होने तक रौनक लौट आयी. ‍BSE सेंसेक्स 149.31 अंक चढ़कर 65,995.81 अंक पर बंद हुआ. जबकि, निफ्टी 61.70 अंक के लाभ से 19,632.55 अंक पर बंद हुआ.

9:17 PM. 9 Aug 23 3:47 PM. 9 Aug

भारत का कोयला आयात पहली तिमाही में 1.82 प्रतिशत घटकर 6.83 करोड़ टन

देश का कोयला आयात चालू वित्त वर्ष 2023-24 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में 1.82 प्रतिशत घटकर 6.83 करोड़ टन पर आ गया. एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई. पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 6.95 करोड़ टन से अधिक रहा था. ‘एमजंक्शन’ की हालिया रिपोर्ट के अनुसार, समीक्षाधीन अवधि में गैर-कोकिंग कोयले का आयात 4.29 करोड़ टन रहा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 4.74 करोड़ टन था. हालांकि, कोकिंग कोयले का आयात 1.58 करोड़ टन से अधिक रहा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 1.46 करोड़ टन था. जून, 2023 के महीने में कोयला आयात 25.24 प्रतिशत घटकर 2.10 करोड़ टन रहा, जो पिछले वर्ष के समान महीने में 2.81 करोड़ टन था. ‘एमजंक्शन’ के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विनय वर्मा ने कहा कि मानसून की शुरुआत में आयात की मांग में गिरावट आई. बरसात का मौसम खत्म होने और आगामी त्योहारों के मद्देजनर औद्योगिक गतिविधियों में तेजी आने पर मांग में फिर से बढ़ोतरी होने की संभावना है. भारत दुनिया के शीर्ष पांच कोयला उत्पादक देशों में है. हालांकि, इसे अपनी कोयले की कुछ जरूरत को आयात के जरिये पूरा करना पड़ता है.

9:17 PM. 9 Aug 23 3:47 PM. 9 Aug

भारत फोर्ज का पहली तिमाही का मुनाफा 33.27 प्रतिशत बढ़कर 213.73 करोड़ रुपये पर

वाहन कलपुर्जा कंपनी भारत फोर्ज लि. ने 30 जून 2023 को समाप्त चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 213.7 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ कमाया है, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही की तुलना में 33.27 प्रतिशत अधिक है. वित्त वर्ष 2023-23 की समान तिमाही में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ 160.37 करोड़ रुपये रहा था. शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कंपनी ने कहा कि तिमाही के दौरान उसकी एकीकृत परिचालन आय 2,851.46 करोड़ रुपये से बढ़कर 3,877.27 करोड़ रुपये पर पहुंच गई. तिमाही के दौरान कंपनी का खर्च भी बढ़कर 3,602.48 करोड़ रुपये पर हो गया, जो एक साल पहले समान तिमाही में 2,643.95 करोड़ रुपये था.

9:17 PM. 9 Aug 23 3:47 PM. 9 Aug

मध्य प्रदेश ने पेश की 5जी नीति, सरकारी मंजूरियां तेजी से देने का लक्ष्य

मध्य प्रदेश में तेजी से 5जी नेटवर्क के विस्तार के लक्ष्य के साथ राज्य सरकार ने अपनी नीति पेश कर दी है. इस नीति में दूरसंचार सेवा प्रदाताओं, इंटरनेट सेवा प्रदाताओं और बुनियादी ढांचा बनाने वाली कंपनियों को 5जी सेवाओं के विस्तार के लिए जल्द से जल्द सरकारी मंजूरियां देने पर खास जोर दिया गया है. अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी. राज्य के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा ने बताया कि हम चाहते हैं कि प्रदेश में 5जी का नेटवर्क तेजी से फैले. इसके लिए हमने 5जी नीति पेश की है. इस नीति से 5जी सेवाओं का बुनियादी ढांचा विकसित करने में संबंधित कंपनियों को मदद मिलेगी. उन्होंने बताया कि 5जी नीति में प्रावधान किया गया है कि दूरसंचार सेवा प्रदाताओं, इंटरनेट सेवा प्रदाताओं और बुनियादी ढांचा विकसित करने वाली कंपनियों को अगर तय समयसीमा में सरकारी मंजूरी नहीं मिली, तो मान लिया जाएगा कि उन्हें यह हरी झंडी मिल गई है. सखलेचा ने कहा कि मुझे लगता है कि पूरे प्रदेश में डेढ़ से दो साल के भीतर 5जी नेटवर्क उपलब्ध हो जाएगा. मध्य प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम (एमपीएसईडीसी) के प्रबंध निदेशक अभिजीत अग्रवाल ने बताया कि सूबे की 5जी नीति केंद्र सरकार के दिशानिर्देशों और उद्योग जगत के सुझावों के आधार पर तैयार की गई है.

9:17 PM. 9 Aug 23 3:47 PM. 9 Aug

इंटरनेट की ‘मजबूती’ के मामले में भूटान, बांग्लादेश से भी पीछे है भारत

इंटरनेट की ‘मजबूती’ के मामले में भारत पड़ोसी देशों भूटान, बांग्लादेश और यहां तक कि नेपाल से भी पीछे है. एक वैश्विक गैर-लाभकारी संगठन की मंगलवार को जारी रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है. इंटरनेट सोसायटी ने कहा कि एक जुझारू या मजबूत इंटरनेट कनेक्शन खराबी या सामान्य परिचालन में चुनौतियों के बीच एक स्वीकार्य स्तर की सेवा को कायम रखता है. इसके साथ ही सोसायटी ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था के लिए इंटरनेट कनेक्टविटी अनिवार्य है. रिपोर्ट कहती है कि इंटरनेट की मजबूती के मामले में दक्षिण एशिया में भारत 43 प्रतिशत के कुल स्कोर के साथ छठे स्थान पर है. इस सूची में भारत का स्थान भूटान (58 प्रतिशत), बांग्लादेश (51 प्रतिशत), मालदीव (50 प्रतिशत), श्रीलंका (47 प्रतिशत) और नेपाल (43 प्रतिशत) के बाद है. इस रिपोर्ट में इंटरनेट के बुनियादी ढांचे, प्रदर्शन, सुरक्षा और बाजार के अनुरूप तैयारियों पर गौर किया गया है. सूची में हालांकि, भारत का स्थान पाकिस्तान से बेहतर है.

9:17 PM. 9 Aug 23 3:47 PM. 9 Aug

डिश टीवी का पहली तिमाही का मुनाफा 15 प्रतिशत बढ़ा, मनोज डोभाल सीईओ नियुक्त

डायरेक्ट-टू-होम कंपनी डिश टीवी का अप्रैल-जून की पहली तिमाही का एकीकृत शुद्ध लाभ 15.07 प्रतिशत बढ़कर 20.54 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. इससे पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी ने 17.85 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था. कंपनी ने मनोज डोभाल को 23 अगस्त, 2023 से अपना मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त करने की घोषणा की है. इसके लिए कंपनी को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की मंजूरी मिल गई है. तिमाही के दौरान कंपनी की परिचालन आय 17.82 प्रतिशत घटकर 500.16 करोड़ रुपये रह गई, जो एक साल पहले सम���न तिमाही में 608.63 करोड़ रुपये थी. शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कंपनी ने कहा कि तिमाही के दौरान उसका कुल खर्च 19.37 प्रतिशत घटकर 475.46 करोड़ रुपये रह गया. जून तिमाही में कंपनी की कुल आय भी 17.94 प्रतिशत घटकर 503.20 करोड़ रुपये पर आ गई.

मुख्य बातें

Business News Live: ग्लोबल बाजार में मिले-जुले संकेतों के बीच भारतीय बाजार की शुरूआत सुस्त हुई है. एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई हल्की गिरावट के साथ 32300 के पास ट्रेड कर रहा है. जबकि कोरिया कोस्पी इंडेक्स 1 फीसदी की मजबूती के साथ 2600 के स्तर पर पहुंच गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Madhuresh narayan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >