टाइगर ग्लोबल, डीएसटी ग्लोबल ने जोमैटो में 1.8 प्रतिशत हिस्सेदारी 1,412 करोड़ रुपये में बेची
टाइबर ग्लोबल और अरबपति यूरी मिल्नर की डीएसटी ग्लोबल ने सोमवार को जोमैटो में 1.8 प्रतिशत हिस्सेदारी खुले बाजार में लेनदेन के जरिये 1,412 करोड़ रुपये में बेच दी है. एक्सिस म्यूचुअल फंड, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, आईसीआईसीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, फाउंडर्स कलेक्टिव फंड, मॉर्गन स्टेनली एशिया सिंगापुर और सोसायटी जनरली ने ऑनलाइन ऑर्डर पर खाने-पीने के सामान की आपूर्ति करने वाली कंपनी जोमैटो के शेयर खरीदे हैं. बीएसई और एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, टाइगर ग्लोबल ने बीएसई पर जोमैटो के 12,34,86,408 शेयर बेचे. यह 1.44 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है. वहीं, डीएसटी ग्लोबल ने अपनी निवेश इकाई अपोलेटो एशिया लि. के जरिये 3,19,80,447 शेयर बेचे, जो 0.4 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है. इन शेयरों की बिक्री 90.10 से 91.01 रुपये प्रति शेयर के भाव पर की गई. इस तरह सौदे का सामूहिक मूल्य 1,411.99 करोड़ रुपये बैठता है. सोमवार को बीएसई पर जोमैटो का शेयर 1.53 प्रतिशत की बढ़त के साथ 92.33 रुपये पर बंद हुआ. एनएसई पर कंपनी का शेयर 1.48 प्रतिशत की बढ़त के साथ 92.35 रुपये रहा.