आइसक्रीम में मिला कनखजूरा, कंपनी ने प्रोडक्ट मांगा वापस

Amul Ice Cream: अमूल ने कहा कि उसकी टीम ने ग्राहक से संपर्क किया और उसी दिन यानी 15 जून, 2024 की रात साढ़े नौ बजे के बाद उससे मुलाकात की. ग्राहक के साथ हमारी बैठक के दौरान हमने ग्राहक से जांच के लिए उस आइसक्रीम टब उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था.

Amul Ice Cream: अमूल ने नोएडा में एक महिला ग्राहक से आइसक्रीम का टब वापस करने का सोमवार को अनुरोध किया, ताकि उसकी गहन जांच की जा सके. महिला ने दावा किया था कि उसे आइसक्रीम से कनखजूरा मिला है. इसके साथ ही, दुग्ध उत्पाद बनाने वाली कंपनी ने कहा कि वह भारत और वैश्विक बाजारों में बेहतर गुणवत्ता वाले दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराने को प्रतिबद्ध है. खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है. उन्होंने बताया कि नोएडा में एक महिला ने दावा किया है कि उसने एक ‘इंस्टेंट डिलीवरी ऐप’ के जरिए आइसक्रीम मंगवाई थी, जिसके अंदर उसे एक कनखजूरा मिला है.

अमूल ने जताया खेद

समाचार एजेंसी भाषा की रिपोर्ट के अनुसार, अमूल ब्रांड के तहत दुग्ध उत्पादों का विपणन करने वाले गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन संघ (जीसीएमएमएफ) ने नोएडा में महिला ग्राहक को हुई असुविधा पर खेद व्यक्त किया. नोएडा के खाद्य सुरक्षा विभाग ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है. अमूल ने एक बयान में कहा कि उसने सोशल मीडिया पर मिली शिकायत पर तुरंत गौर किया. बयान में कहा गया कि इस घटना के कारण उन्हें हुई असुविधा के लिए हमें बेहद खेद है.

कंपनी की टीम ने ग्राहक से की मुलाकात

अमूल ने कहा कि उसकी टीम ने ग्राहक से संपर्क किया और उसी दिन यानी 15 जून, 2024 की रात साढ़े नौ बजे के बाद उससे मुलाकात की. बयान के अनुसार, ग्राहक के साथ हमारी बैठक के दौरान हमने ग्राहक से जांच के लिए उस आइसक्रीम टब उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था. दुर्भाग्य से ग्राहक ने इसे सौंपने से इनकार कर दिया. जब तक ग्राहक से शिकायत वाला उत्पाद वापस नहीं मिल जाता, तब तक हमारे लिए मामले की जांच करना मुश्किल होगा और इसलिए इस मुद्दे पर हम कोई टिप्पणी नहीं कर पाएंगे.

और पढ़ें: भीषण गर्मी में गच्चा खा गया डीजल, जून में 4 फीसदी घट गई बिक्री

ग्राहक से वापस मांगा आइसक्रीम का टब

बातचीत के दौरान ग्राहक को अमूल के अत्याधुनिक आईएसओ-प्रमाणित संयंत्रों के बारे में जानकारी दी गई. इसके साथ ही, आश्वासन दिया गया कि ग्राहकों तक बिक्री के लिए पहुंचने से पहले उत्पाद कई कठोर गुणवत्ता जांचों से गुजरते हैं. सहकारी संगठन ने ग्राहक से गहन जांच के लिए आइसक्रीम टब वापस करने का अनुरोध किया. अमूल ने कहा कि ग्राहक से उत्पाद मिलने के बाद हम सभी पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच करेंगे और निष्कर्षों के साथ फिर से अपने ग्राहकों के पास लौटेंगे.

और पढ़ें: स्पैम कॉल से अब नहीं होंगे परेशान, मोबाइल पर दिखेगी कॉल करने वाले की आईडी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >