Budgeting Tips: आज के दौर में महंगाई और तेजी से बदलते लाइफस्टाइल के बीच महीने के आखिर तक सैलरी बचाना एक बड़ा चैलेंज बन चुका है. चाहे आप दिल्ली-मुंबई जैसे मेट्रो शहर में रहते हों या रांची और पटना जैसे टियर-2 शहरों में, बिना सही फाइनेंशियल प्लानिंग के पैसे पानी की तरह बह जाते हैं.
ऐसे में '50/30/20 बजटिंग रूल' एक आसान और सबसे कारगर रास्ता है. यह फार्मूला बताता है कि आपको अपनी मंथली इन-हैंड सैलरी को तीन हिस्सों में कैसे बांटना चाहिए, ताकि आपकी जरूरतें भी पूरी हों और बचत भी बनी रहे.
क्या है 50/30/20 रूल और यह कैसे काम करता है?
50/30/20 रूल एक पर्सनल फाइनेंस फ्रेमवर्क है, जिसे हार्वर्ड की बैंकरप्सी एक्सपर्ट और यूएस सेनेटर एलिजाबेथ वारेन ने अपनी किताब ऑल योर वर्थ: द अल्टीमेट लाइफटाइम मनी प्लान (Elizabeth Warren, All Your Worth: The Ultimate Lifetime Money Plan) में पॉपुलर किया था. इस नियम के मुताबिक आपको अपनी नेट (टैक्स कटने के बाद) सैलरी को 3 हिस्सों में बांटना होता है:
- 50% जरूरतें (Needs): सैलरी का आधा हिस्सा उन चीजों पर खर्च होता है जिनके बिना काम नहीं चल सकता. जैसे घर का किराया, राशन, बिजली-पानी के बिल, बच्चों की फीस और इंश्योरेंस.
- 30% चाहतें (Wants): यह हिस्सा आपकी खुशियों और लाइफस्टाइल के लिए है. जैसे वीकेंड पर बाहर खाना, फिल्में, शॉपिंग, ओटीटी सब्सक्रिप्शन या घूमना-फिरना.
- 20% बचत और निवेश (Savings): यह हिस्सा आपके भविष्य को सुरक्षित करता है. इससे इमरजेंसी फंड बनाएं, पीपीएफ (PPF), एसआईपी (SIP/Mutual Funds) या एफडी (FD) में इन्वेस्ट करें, और पुराने लोन की किस्तों का भुगतान करें.
टियर-2 और मेट्रो शहरों में यह रूल अलग कैसे हो जाता है?
मेट्रो और टियर-2 शहरों में रहन-सहन का खर्च बिल्कुल अलग होता है. इसलिए 50/30/20 रूल को अपने शहर के हिसाब से थोड़ा एडजस्ट करना पड़ता है:
| खर्च का हिस्सा | मेट्रो शहर (जैसे- मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु) | टियर-2 शहर (जैसे- रांची, पटना, लखनऊ) |
| जरूरतें (Needs) | 55-60%: मेट्रो में रेंट और ट्रैवल कॉस्ट काफी ज्यादा होती है. | 40-45%: यहां रेंट और लोकल ट्रांसपोर्ट सस्ता होता है. |
| चाहतें (Wants) | 20-25%: ज्यादा फिक्स्ड खर्चों के कारण यहां लाइफस्टाइल खर्च कम करना पड़ता है. | 30-35%: जरूरतें कम होने से यहां गैर-जरूरी या शौक के खर्चों का दायरा ज्यादा रहता है. |
| बचत (Savings) | 20% (न्यूनतम): मेट्रो में कम से कम 20% बचाना जरूरी है. | 25-30%: कम लिविंग कॉस्ट का फायदा उठाकर ज्यादा इन्वेस्ट किया जा सकता है. |
कैसे करें इस रूल की शुरुआत अपने डेली रूटीन में?
इस रूल को फॉलो करना बेहद आसान है. बस इन तीन स्टेप्स से शुरुआत करें:
- इन-हैंड सैलरी कैलकुलेट करें: सबसे पहले अपनी इन-हैंड सैलरी देखें (टैक्स और पीएफ कटने के बाद मिली राशि).
- फिक्स्ड खर्चों की लिस्ट बनाएं: अपने महीने के फिक्स्ड खर्चों (जरूरतों) को अलग करें. अगर मेट्रो में रेंट की वजह से यह 50% से ऊपर जा रहा है, तो बचत से समझौता न करें, बल्कि अपनी चाहतों (शॉपिंग/घूमने) वाले हिस्से में कटौती करें.
- पहले बचत, फिर खर्च: सैलरी आते ही सबसे पहले 20% हिस्सा एसआईपी या सेविंग्स अकाउंट में भेज दें, उसके बाद बाकी 80% में महीने का खर्च चलाएं.
यह रूल आपको बिना किसी तनाव के पैसे मैनेज करने और एक मजबूत फाइनेंशियल सिक्योरिटी बनाने में मदद करता है.
ये भी पढ़ें: आधा भारत नहीं जानता अमीर बनने का ये 15-15-30 सीक्रेट फॉर्मूला, हर महीने 15 हजार लगाकर ऐसे बनेंगे करोड़पति
