Motihari news: मोतिहारी जिले के वज्रगृह(स्ट्रॉन्ग रूम) की सुरक्षा को पूरी तरह अभेद्य बनाए रखने के लिए प्रशासनिक तत्परता बढ़ गई है. गुरुवार को जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने संयुक्त रूप से वज्रगृह का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान दोनों शीर्ष अधिकारियों ने सुरक्षा के हर पहलू की बारीकी से पड़ताल की और मौके पर तैनात अधिकारियों व जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
सुरक्षा मानकों की गहन जांच
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने वज्रगृह परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता को जांचा. उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि परिसर की हर हलचल कैमरों में कैद होनी चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने सुरक्षा कर्मियों की तैनाती और लॉगबुक के संधारण की भी समीक्षा की. जिलाधिकारी ने स्पष्ट लहजे में कहा कि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
बाहरी सुरक्षा और सतर्कता पर जोर
वहीं, पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने परिसर की बाहरी सुरक्षा घेरे का जायजा लिया. उन्होंने वहां तैनात पुलिस बल को चौबीसों घंटे पूरी तरह सतर्क रहने की हिदायत दी. एसपी ने निर्देश दिया कि परिसर के आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जाए और क्विक रिस्पांस टीम को हमेशा तैयार रखा जाए.
अधिकारियों में मची रही हलचल
डीएम और एसपी के अचानक पहुंचने से प्रशासनिक और पुलिस महकमे में दिनभर हलचल मची रही. अधिकारियों ने मौजूद कर्मियों को निर्देश दिया कि सुरक्षा घेरे को और अधिक प्रभावी बनाया जाए ताकि वज्रगृह की सुरक्षा पूरी तरह से सुनिश्चित रहे. इस दौरान कई अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे.
