Motihari news: पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया थाना क्षेत्र में साइबर अपराधियों का दुस्साहस बढ़ता जा रहा है. ताजा मामला नयागाँव का है, जहां एक साधारण भूजा दुकानदार रामविनेश साह साइबर ठगी के शिकार हो गए हैं. शातिर ठगों ने उनके बैंक खाते से करीब दो लाख रुपये उड़ा लिए हैं. घटना मंगलवार की देर रात से बुधवार सुबह के बीच की बताई जा रही है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.
चार बार में खाते से साफ हुई गाढ़ी कमाई
पीड़ित रामविनेश साह का बचत खाता बैंक ऑफ बड़ौदा की नयागाँव शाखा में है. पीड़ित के अनुसार, उनके मोबाइल पर फोन-पे के माध्यम से अचानक रुपये निकासी के मैसेज आने लगे. ठगों ने बेहद चालाकी से चार किस्तों में राशि निकाली. सबसे पहले 60 हजार रुपये, फिर 40 हजार और उसके बाद दो बार में 49 हजार 900 रुपये की निकासी की गई. कुल मिलाकर 1 लाख 99 हजार 800 रुपये खाते से गायब कर दिए गए.
साइबर थाना मोतिहारी में शिकायत दर्ज
अपनी मेहनत की कमाई डूबते देख पीड़ित दुकानदार ने तत्काल मामले की जानकारी बैंक और स्थानीय पुलिस को दी. इसके बाद उन्होंने साइबर थाना मोतिहारी में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान लिंक या ओटीपी (OTP) को साझा न करें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके.
मोतिहारी केसरिया से राकेश कुमार रत्न की रिपोर्ट
